दिल्ली में जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी, वडोदरा मॉड्यूल से कनेक्शन तलाश रहीं जांच एजेंसियां
सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उससे पूछताछ की गई थी। इसके बाद कुछ दिन पहले उसे गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियां अब उसके डिजिटल संपर्कों और संभावित आतंकी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को निशाना बनाने का शक
जांच में शुरुआती तौर पर ऐसे संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश कर रही है। गिरफ्तार संदिग्ध को भी सोशल मीडिया के जरिए भर्ती किए जाने की बात सामने आई है।
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और उसके ऑनलाइन नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित भर्ती प्रक्रिया में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
वडोदरा में AK-47 और 23 कारतूस के साथ हुई थी गिरफ्तारी
दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के तार गुजरात से जोड़कर भी देखे जा रहे हैं। दरअसल, गुजरात एटीएस ने 27 नवंबर को वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक AK-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए थे।
अब जांच एजेंसियां दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि दिल्ली और वडोदरा में पकड़े गए संदिग्धों के बीच संपर्क था या वे किसी साझा नेटवर्क से जुड़े हुए थे। फिलहाल इस संबंध में जांच जारी है और दोनों मामलों के बीच किसी सीधे जुड़ाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
