मोदी 2029 में चौथी बार भी बनेंगे प्रधानमंत्री, अमित शाह का यूपी से बड़ा ऐलान; भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Amit_Shah_Yogi_at_UP_BJP_Meeting_in_Lucknow_1793350293046_vRwk_1793350293271_B2WR_0c3123be-4231-4d1f-9273-84073011aca9_FSib
लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद चौथी बार भी देश की कमान संभालेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह संदेश दिया। उनके बयान को मोदी के बाद भाजपा में प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदारों को लेकर चल रही अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमित शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जमीन पर सक्रिय रहकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं और कार्यकर्ता इसी तरह जुटे रहे तो वह चौथी बार भी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को फिर से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकता।

शाह ने कार्यकर्ताओं से आपसी मनमुटाव और नाराजगी भुलाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह अडिग है और उसे कोई हिला नहीं सकता। उनका दावा है कि प्रदेश में अगले 30 साल तक भाजपा की सरकार रहने वाली है। इसके लिए उन्होंने मतदाताओं के समर्थन को श्रेय दिया।

यूपी में सरकार बनी तो लागू करेंगे समान नागरिक संहिता

अमित शाह ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश के मतदाता भाजपा को एक बार फिर सरकार बनाने का अवसर देते हैं तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

योगी सरकार की तारीफ, कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा

गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को माफिया और भ्रष्टाचार से बाहर निकालने का काम किया है। उनके मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश देश का निवेश केंद्र बन चुका है। प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है।

अमित शाह ने कहा कि बीते 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कई बड़े बदलाव हुए हैं। उनके अनुसार, लूट की घटनाओं में 74 प्रतिशत, डकैती में 80 प्रतिशत, दंगों में 70 प्रतिशत और रंगदारी के मामलों में 60 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया, जिससे प्रदेश में निवेश बढ़ा। निवेश आने से रोजगार के अवसर पैदा हुए और लोगों का पलायन भी रुका। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र