यूपी में बनेगा दुनिया की मांग वाला बुलडोजर, 1,200 करोड़ की फैक्ट्री का भूमि पूजन; योगी बोले- वैश्विक बाजार में बढ़ेगी पहुंच
प्रस्तावित फैक्ट्री करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। यहां ट्रैक्टर और बुलडोजर का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
बुलडोजर को बताया यूपी की पहचान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की पहचान से जोड़ते हुए कहा कि इसकी मांग देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है और सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
योगी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण की जरूरत बढ़ रही है। ऐसे में ट्रैक्टर और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का उत्पादन प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए अहम साबित हो सकता है।
YEIDA क्षेत्र में बढ़ रहा औद्योगिक निवेश
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का इलाका तेजी से औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर परियोजनाओं, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डेटा सेंटर जैसी योजनाओं के चलते इस क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
CNH इंडस्ट्रियल की फैक्ट्री को भी इसी विस्तार का हिस्सा माना जा रहा है। करीब 100 एकड़ में बनने वाला यह संयंत्र आधुनिक विनिर्माण और कृषि उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देगा।
निवेश और रोजगार को लेकर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में निवेश के प्रति उद्योग जगत का भरोसा बढ़ा है। उनके मुताबिक, प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में औद्योगिक इकाइयों की संख्या करीब 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार तक पहुंची है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित करने के लिए टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम और इंफोसिस जैसी कंपनियों के साथ भी काम कर रही है।
