कौन हैं IAS रणवीर प्रसाद? बने यूपी पावर कॉरपोरेशन के नए अध्यक्ष, IIT कानपुर से है खास कनेक्शन

ranveer-prasad-1790051770259_v

लखनऊ: आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले वर्ष 2000 बैच के आईएएस अधिकारी रणवीर प्रसाद ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के ऊर्जा विभाग का कार्यभार संभाल लिया। उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन का अध्यक्ष और प्रमुख सचिव ऊर्जा बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्पादन निगम और पारेषण निगम के अध्यक्ष पद के साथ अतिरिक्त ऊर्जा का दायित्व भी सौंपा गया है।

बिजली व्यवस्था से पहले से रहा है जुड़ाव

रणवीर प्रसाद दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रह चुके हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम और पारेषण निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऊर्जा क्षेत्र में उनके पिछले अनुभव को देखते हुए उन्हें बिजली विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

प्रसाद से पहले करीब तीन वर्ष तक राज्य की बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष कुमार गोयल भी आईआईटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कर चुके हैं। डॉ. गोयल को अब श्रम एवं सेवायोजन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।

खाद्य एवं रसद विभाग से शक्तिभवन पहुंचे रणवीर प्रसाद

रणवीर प्रसाद इससे पहले प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद के पद पर तैनात थे। वहां से कार्यमुक्त होने के बाद उन्होंने शक्तिभवन पहुंचकर पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष का पदभार संभाला। ऊर्जा विभाग के साथ उन्हें उत्पादन और पारेषण से जुड़े महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी दी गई है।

लगभग 48 वर्षीय रणवीर प्रसाद मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वह सचिवालय में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और आवास आयुक्त के पद पर भी रह चुके हैं।

6 जिलों में डीएम रह चुके हैं रणवीर प्रसाद

प्रशासनिक सेवा के दौरान रणवीर प्रसाद उत्तर प्रदेश के छह जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने आजमगढ़, मैनपुरी, ललितपुर, संतकबीरनगर, उन्नाव और भदोही के जिलाधिकारी के रूप में काम किया है।

ऊर्जा विभाग की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को वह विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ बिजली आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

डॉ. आशीष गोयल को विदाई, बिजली व्यवस्था में सुधार का जिक्र

डॉ. आशीष कुमार गोयल के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद शक्तिभवन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अभियंता संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद किया। उन्होंने कर्मचारी हितों और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया।

वहीं, उत्तर प्रदेश पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत से मुलाकात की। संगठन ने पावर कॉरपोरेशन में पिछले दो वर्षों के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के अभियंताओं तथा अन्य कर्मचारियों के खिलाफ लिए गए निर्णयों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी केन, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष पीएम प्रभाकर और संगठन सचिव अनिल कुमार ने इस संबंध में मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र