दिवाली के बीच यूपी में आतंकी धमकी से हड़कंप! अयोध्या, काशी और मथुरा निशाने पर, स्कूलों को भी चेतावनी; ATS अलर्ट
अयोध्या और अंबेडकर नगर के स्कूलों को मिले धमकी भरे ई-मेल
सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल अयोध्या में आईसीएसई बोर्ड से संचालित एक स्कूल को मिला है। इसके अलावा अंबेडकर नगर के दो स्कूलों को भी इसी तरह के संदेश भेजे गए हैं। ई-मेल में बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए 8 से 27 नवंबर के बीच उन्हें स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है। इस संदेश के सामने आने के बाद संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और धमकी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही हैं।
1984 के दंगों का जिक्र कर दी धमाके की धमकी
धमकी भरे ई-मेल में वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया है। संदेश में ‘खून का बदला खून’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सिख नक्सली कार्रवाई करने की बात कही गई है। इसके साथ ही 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की धमकी दी गई है। अयोध्या, काशी और मथुरा का नाम लेकर इन धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
साइबर सेल और यूपी एटीएस ने संभाली जांच की कमान
धमकी मिलने के बाद अयोध्या की साइबर सेल ने ई-मेल की जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश एटीएस को भी मामले की पड़ताल में लगाया गया है। जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। धमकी की सत्यता और इसके पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
