महंगा चावल खरीदने से मिलेगी राहत? निर्यात पर 30% तक शुल्क लगाने की तैयारी में सरकार, जानें क्या होगा असर
सूत्रों के मुताबिक, सरकार अगले महीने से निर्यात शुल्क के साथ न्यूनतम निर्यात मूल्य की व्यवस्था लागू कर सकती है। निर्यात पर पूरी तरह रोक लगाने का विकल्प फिलहाल अंतिम उपाय के तौर पर रखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि यदि ऐसी नौबत आती भी है तो प्रतिबंध अस्थायी होगा। इसे वर्ष 2023 में लगाए गए प्रतिबंध की तरह लंबे समय तक जारी रखने की योजना नहीं है। गौरतलब है कि उस समय निर्यात प्रतिबंध करीब 14 महीने तक चला था।
20 फीसदी निर्यात शुल्क लगाने पर भी भारत को मिल सकती है प्रतिस्पर्धा
सरकारी स्तर पर गैर-बासमती सफेद चावल के निर्यात पर 30 फीसदी तक शुल्क लगाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि यदि शुल्क 20 फीसदी भी तय किया जाता है, तब भी भारत अंतरराष्ट्रीय बाजार में चावल का निर्यात जारी रख सकता है।
इसकी वजह थाईलैंड और वियतनाम के चावल की अपेक्षाकृत ऊंची कीमतें हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में केवल पाकिस्तान के चावल का भाव भारत के मुकाबले कम रहने की स्थिति बताई जा रही है। ऐसे में निर्यात शुल्क लगाने के बाद भी भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका नहीं है।
खाद्य महंगाई 8.94% पर पहुंची, चावल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता
सरकार की चिंता की बड़ी वजह खाद्य महंगाई में लगातार हो रही बढ़ोतरी है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई बढ़कर 8.94 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी। अनाज की श्रेणी में चावल की महंगाई में भी लगातार तेजी दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, जून में चावल की महंगाई 1.72 फीसदी थी, जो जुलाई में बढ़कर 3.30 फीसदी हो गई। इसके बाद अगस्त में यह 5.89 फीसदी, सितंबर में 8.27 फीसदी और अक्टूबर में 12.51 फीसदी तक पहुंच गई।
इन पांच राज्यों में चावल की महंगाई ने बढ़ाई सबसे ज्यादा परेशानी
अक्टूबर के आंकड़ों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में चावल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। कर्नाटक में चावल की महंगाई 43.2 फीसदी रही। वहीं, आंध्र प्रदेश में 25.7 फीसदी, तेलंगाना में 24.6 फीसदी, तमिलनाडु में 17.4 फीसदी और केरल में 9.4 फीसदी दर्ज की गई।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि चावल की महंगाई का दबाव अलग-अलग राज्यों में अलग स्तर पर देखने को मिल रहा है। घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार निर्यात से जुड़े नियमों में बदलाव पर विचार कर रही है।
51,500 करोड़ रुपये का चावल निर्यात, कम बारिश से उत्पादन पर भी असर की आशंका
भारत दुनिया के प्रमुख चावल निर्यातक देशों में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश ने करीब 51,500 करोड़ रुपये मूल्य का 150.4 लाख टन गैर-बासमती चावल निर्यात किया था।
दूसरी ओर, चालू कृषि वर्ष 2026-27 में धान की खेती का रकबा घटने का अनुमान है। कई राज्यों में सामान्य से कम बारिश को इसकी वजह बताया जा रहा है। अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन में धान का रकबा करीब चार फीसदी घटकर 426.8 लाख हेक्टेयर रह सकता है।
ऐसे में सरकार के सामने घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त चावल उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात की स्थिति बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। निर्यात शुल्क और न्यूनतम निर्यात मूल्य जैसे विकल्प इसी दिशा में देखे जा रहे हैं।
