यूपी चुनाव: भगवा रथ और नीले गमछे पर मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, मुसलमानों को दी सपा पर सोचने की नसीहत

mayawati_akhilesh_1789965867479

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बसपा अध्यक्ष मायावती ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा के लिए तैयार किए गए रथ के रंग और नीले गमछे को लेकर सवाल उठाए हैं। मायावती ने रथ के भगवा रंग को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा और मुस्लिम समाज को सपा को लेकर सोचने की नसीहत दी।

अखिलेश से मायावती का सवाल- मुसलमानों से भरोसा उठ गया?

मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए तैयार किया गया पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग की तुलना में आरएसएस-भाजपा के भगवा रंग में ज्यादा दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह हिंदू वोट हासिल करने के लिए लगातार रंग बदलने की रणनीति है या फिर सपा का मुसलमानों से भरोसा उठ गया है।

मुस्लिम समाज के रुख का मायावती ने किया जिक्र

मायावती ने कहा कि एकतरफा वोट देने के बावजूद सपा विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को नहीं रोक सकी। उनके मुताबिक, ऐसे में मुस्लिम समाज अब यह सोच रहा है कि सपा को बार-बार वोट देकर अपना वोट क्यों खराब किया जाए।

उन्होंने दावा किया कि जिस तरह हिंदू अपरकास्ट, खासकर ब्राह्मण समाज का रुख बदल रहा है, उसी तरह मुस्लिम समाज भी तेजी से बसपा की ओर अपना रुख बदल रहा है।

पीडीए की परिभाषा को लेकर अखिलेश पर निशाना

मायावती ने सपा के पीडीए अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पीडीए की असलियत भी बतानी चाहिए। मायावती के मुताबिक, चुनावी स्वार्थ के हिसाब से कभी पीडीए का अर्थ ‘पिछड़ा, दलित’ बताया जाता है तो कभी ‘पंडित’ से जोड़ा जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कभी खुद को अंबेडकरवादी दिखाने के लिए बसपा के नीले रंग का इस्तेमाल कर तस्वीरें खिंचवाई जाती हैं।

मायावती ने गिनाईं बसपा सरकारों की नीतियां

बसपा अध्यक्ष ने अपनी पिछली सरकारों की नीतियों और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा के इन तौर-तरीकों के विपरीत बसपा सर्वसमाज के लिए ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और सिद्धांत पर चलने वाली अंबेडकरवादी पार्टी है।

मायावती ने कहा कि बसपा सभी लोगों के लिए रोटी, रोजगार और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की पक्षधर है और इसी वजह से सर्वसमाज में पार्टी का अपना सम्मान है।

मायावती ने कहा- यूपी को फिर ऐसे शासन की जरूरत

मायावती ने दावा किया कि बसपा सरकारों ने उत्तर प्रदेश में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ व्यापक जनहित, जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने कहा कि बसपा ने कई बार इस तरह का शासन स्थापित करके दिखाया है और उत्तर प्रदेश को एक बार फिर ऐसे ही शासन की जरूरत है।

24 सितंबर को रथ पर सवार होंगे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव का पीडीए रथ दो दिन पहले मीडिया के सामने लाया गया था। बताया गया है कि अखिलेश यादव 24 सितंबर को पहली बार इस रथ पर सवार होंगे। वह रायबरेली से पीडीए रथ के जरिए जिले में चुनावी अभियान शुरू करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में सियासी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र