यूपी MLC चुनाव: BJP में 6 सीटों पर टिकट को लेकर बढ़ी दावेदारी, गोरखपुर से ध्रुव त्रिपाठी तो इलाहाबाद से सुरेश त्रिपाठी का नाम चर्चा में
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सीटों के चुनाव का कार्यक्रम जारी होते ही भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर दावेदारी तेज हो गई है। 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी सभी प्रत्याशियों के नाम पहले ही घोषित कर चुकी है, जबकि भाजपा ने अभी पांच सीटों पर उम्मीदवार तय किए हैं। छह सीटों पर पार्टी के भीतर दावेदारों को लेकर मंथन जारी है।
भाजपा को गोरखपुर शिक्षक, इलाहाबाद स्नातक, वाराणसी शिक्षक, वाराणसी स्नातक, आगरा शिक्षक और मेरठ स्नातक सीटों पर प्रत्याशी घोषित करने हैं। पार्टी इन सीटों पर ऐसे चेहरों की तलाश में है, जिनके पास चुनावी आधार और जीत की संभावनाएं हों।
गोरखपुर और इलाहाबाद सीट पर इन नामों की चर्चा
गोरखपुर शिक्षक सीट से शर्मा गुट के पूर्व एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, इलाहाबाद स्नातक सीट से माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके सुरेश त्रिपाठी का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
सुरेश त्रिपाठी ने हाल ही में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। इसके बाद उनके भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हुई है।
आगरा स्नातक सीट पर आकाश अग्रवाल समेत कई दावेदार
आगरा स्नातक सीट पर पिछले चुनाव में निर्दलीय जीत हासिल करने वाले आकाश अग्रवाल भी भाजपा के टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी का नाम भी इस सीट के प्रमुख दावेदारों में लिया जा रहा है।
इसके अलावा एटा के राहुल गुप्ता भी भाजपा से टिकट की उम्मीद लगाए हुए हैं। ऐसे में आगरा स्नातक सीट पर पार्टी के सामने कई नामों में से प्रत्याशी चुनने की चुनौती है।
भाजपा ने पांच सीटों पर मौजूदा चेहरों पर जताया भरोसा
भाजपा ने जिन पांच सीटों पर पहले ही उम्मीदवार घोषित किए हैं, वहां पार्टी ने मौजूदा एमएलसी को ही दोबारा मैदान में उतारा है।
लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद सीट से हरि सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र सिंह और मेरठ-सहारनपुर सीट से श्रीचंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 को आएगा परिणाम
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवार छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर तय की गई है। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
इन चुनावों में पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्य चुने जाएंगे।
इन 11 एमएलसी का कार्यकाल हो रहा खत्म
इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को पूरा हो रहा है। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरुजी, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं।
इसके अलावा लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद खंड क्षेत्र से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।
