लखनऊ में आज से बिजली बकाएदारों पर बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये से ज्यादा बिल बाकी तो कटेगा कनेक्शन

bijali_cheking_1792736503283_q2ao_1792736508189_A1Kj_bd198121-d9ac-4fdf-b8b7-6817340f792c_5NgR

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ शुक्रवार से बड़े पैमाने पर जांच अभियान शुरू किया जा रहा है। लेसा ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर 5,000 रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया मिलेगा, उनका कनेक्शन काटा जा सकता है। विभाग ने लोगों से तत्काल बकाया जमा करने की अपील की है। कनेक्शन कटने के बाद दोबारा बिजली चालू कराने के लिए जुर्माने के साथ अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ सकता है।

बकाएदारों को पहले ही भेजे जा रहे एसएमएस

लखनऊ मध्य जोन के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल के अनुसार, बिजली विभाग पहले से ही बकाएदारों को एसएमएस भेजकर समय पर बिल जमा करने के लिए कह रहा है। बड़े बकाएदारों को यह चेतावनी भी दी गई है कि भुगतान नहीं करने पर उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।

शुक्रवार से ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली आपूर्ति कटने से बचने के लिए उपभोक्ता अपना बकाया बिल जल्द जमा कर दें।

बिजली चोरी करते पकड़े गए तीन उपभोक्ता

लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में बिजली विभाग की जांच के दौरान तीन परिसरों में सीधे खंभे से बिजली का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। विभाग ने कुल 28 परिसरों की जांच की थी।

जांच के दौरान सेक्टर-4 में जितेंद्र प्रजापति और मुलायम सिंह के परिसर में, जबकि जुग्गौर स्थित शिवसिटी में सन्नो के परिसर में बिजली चोरी पकड़ी गई। तीनों मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

कबीर नगर उपकेंद्र की खराबी से 50 हजार लोग परेशान

कबीर नगर उपकेंद्र में तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार सुबह करीब सात बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। प्रभावित इलाकों में सुबह 10:30 बजे के आसपास बिजली बहाल हो सकी। करीब साढ़े तीन घंटे तक बिजली नहीं रहने से लगभग 50 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली गुल होने से लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। इसके अलावा स्कूल और कार्यालय जाने वाले लोगों को भी देरी हुई। पंडित खेड़ा, हंस खेड़ा, गोकुल स्टेट, काशीराम कॉलोनी, शुभम सिटी, सन सिटी, मुन्नू खेड़ा, चुन्नू खेड़ा, डूडा कॉलोनी, गायत्री पुरम, आसरा कॉलोनी और कृष्ण विहार सहित कई इलाके प्रभावित रहे।

महानगर और अलीगंज समेत कई इलाकों में बिजली कटौती

शुक्रवार को सीएम ग्रिड योजना के कार्य, ट्रांसफार्मर लगाने और पेड़ों की छंटाई के कारण लखनऊ के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार, अलग-अलग क्षेत्रों में काम के चलते निर्धारित समय पर बिजली बंद रखी जाएगी।

  • न्यू हैदराबाद: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
  • पेपरमिल कॉलोनी: दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली कटौती होगी।
  • महानगर: सुभाष पार्क उपकेंद्र के सीआईडी फीडर से जुड़ी 11 केवी और एलटी लाइनों के पास पेड़ों की छंटाई की जाएगी। इसके चलते दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
  • अलीगंज: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती रहेगी।

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र