बजट सत्र से पहले यूपी विधान परिषद में मंथन, कार्य परामर्शदात्री समिति की बैठक कल, दलीय नेताओं से होगी अहम चर्चा

17_07_2025-up_vidhan_bhawan_dainik_jagran_23987059-1762783548282-1770430424613_v

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान मंडल के बजट सत्र की शुरुआत से पहले विधान परिषद में तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। सोमवार से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले रविवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की कार्य परामर्शदात्री समिति की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक अपराह्न तीन बजे आयोजित होगी, जिसमें सत्र के दौरान होने वाले कार्यों और कार्यसूची पर चर्चा की जाएगी।

सभापति करेंगे दलीय नेताओं के साथ अलग बैठक
कार्य परामर्शदात्री समिति की बैठक के बाद अपराह्न 3.30 बजे से विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह दलीय नेताओं के साथ एक अलग बैठक करेंगे। इस बैठक में बजट सत्र के दौरान उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं और सदन के सुचारू संचालन को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।

विधान भवन के कक्ष संख्या 77 में होंगी दोनों बैठकें
दोनों ही बैठकें विधान भवन के कक्ष संख्या 77 में आयोजित की जाएंगी। कार्य परामर्शदात्री समिति की बैठक में नेता सदन एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव, विधान परिषद में विभिन्न दलों के नेता और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।

सदन की कार्यवाही को लेकर बनेगी रणनीति
महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक में सभापति के साथ नेता सदन, नेता विरोधी दल और सभी दलीय नेता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष की भूमिका, सदन की कार्यवाही का समय निर्धारण और प्रमुख विषयों पर चर्चा को लेकर इस बैठक में सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र