कानपुर में रफ्तार का कहर: नामी कारोबारी के बेटे की लेम्बोर्गिनी ने 6 से ज्यादा लोगों को रौंदा, बाउंसरों पर बदसलूकी के आरोप

car-1770607764

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार दोपहर एक हाई-प्रोफाइल सड़क हादसे ने शहर को हिला दिया। पॉश इलाके ग्वालटोली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित लेम्बोर्गिनी कार ने 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। आरोप है कि कार तंबाकू कारोबारी के बेटे चला रहे थे और हादसे के बाद उनके बाउंसरों ने घायलों व भीड़ से बदतमीजी की, जिससे हालात और बिगड़ गए।

VIP रोड पर तांडव, बाइक सवार उछलकर 10 फीट दूर गिरा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार करीब 3:15 बजे VIP रोड पर रेव-3 के पास लेम्बोर्गिनी बेकाबू हो गई। सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों को कुचलते हुए कार ने एक बाइक सवार को भी जोरदार टक्कर मारी, जो हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद कार बाइक के ऊपर चढ़ गई। इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कारोबारी पुत्र की पहचान, नशे में होने का आरोप

कार सवार की पहचान शिवम मिश्रा के रूप में हुई है, जो तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के वक्त चालक नशे में धुत था। टक्कर के बाद शिवम ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन कार डिवाइडर से टकरा गई।

बाउंसरों की बदसलूकी, माहौल तनावपूर्ण

घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कार को घेर लिया। आरोप है कि शिवम कार के अंदर बैठे रहे, जबकि पीछे चल रही दूसरी कार से आए उनके बाउंसरों ने लोगों को धक्का दिया और अभद्रता की। भीड़ ने कार के शीशे तोड़कर चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, जिस पर बाउंसरों की हरकतों से तनाव और बढ़ गया।

पुलिस ने कार जब्त की, घायलों का इलाज जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लेम्बोर्गिनी को थाने ले गई। आरोपी चालक समेत घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाउंसरों की बदसलूकी से नाराज लोगों ने थाने में भी हंगामा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की।

लग्जरी कारों का शौक, पुराना विवाद भी जुड़ा

बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा को लग्जरी कारों का शौक है और उनके पास कई महंगी गाड़ियां (अधिकांश दिल्ली नंबर) हैं। उनके पिता की कंपनी ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ तंबाकू कारोबार से जुड़ी है। फरवरी 2024 में आयकर विभाग की छापेमारी में दिल्ली स्थित ठिकानों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की लग्जरी कारें जब्त होने की जानकारी भी सामने आई थी, जिनमें रोल्स-रॉयस, लेम्बोर्गिनी, फरारी और मैकलारेन शामिल थीं।

जांच जारी, तहरीर का इंतजार

हाई-प्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस फिलहाल सीमित जानकारी दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र