₹3100 की टिकट के बावजूद हाउसफुल शो, रिलीज से 9 दिन पहले ही ‘धुरंधर 2’ ने एडवांस बुकिंग में कमा लिए 20 करोड़

dhurandhar-2-8-1773123738

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर : द रिवेंज’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा का केंद्र बन गई है। फिल्म के सिनेमाघरों में आने में अभी करीब आठ दिन बाकी हैं, लेकिन इसके पेड प्रीव्यू शोज को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारी कीमतों के बावजूद कई शहरों में शो पहले से ही हाउसफुल हो चुके हैं। 18 मार्च को चुनिंदा शहरों में होने वाले विशेष शो और 19 मार्च की तय रिलीज से पहले ही फिल्म ने बाजार में हलचल पैदा कर दी है। एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म रिलीज से नौ दिन पहले ही करीब 20 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

महंगी टिकटों के बावजूद प्रीव्यू शो की जबरदस्त मांग

फिल्म के निर्माताओं ने 18 मार्च की शाम से ही प्रीव्यू शोज शुरू करने का फैसला किया है। देश के बड़े मल्टीप्लेक्सों में शाम चार बजे से इन विशेष शोज का आयोजन किया जाएगा। इन शोज के टिकट सामान्य फिल्मों की तुलना में कई गुना महंगे रखे गए हैं। महानगरों में सामान्य फॉर्मेट के टिकट 600 से 900 रुपये के बीच बिक रहे हैं, जबकि आईमैक्स फॉर्मेट के लिए दर्शकों को 1000 रुपये से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। लग्जरी सीटों की कीमत तो और भी ज्यादा है। मुंबई के बोरीवली स्थित आईनॉक्स मेगाप्लेक्स में एक रिक्लाइनर सीट की कीमत 3100 रुपये तक पहुंच गई है, जो अब तक की सबसे महंगी टिकटों में गिनी जा रही है। इसी तरह दिल्ली के पीवीआर सिलेक्ट सिटी वॉक में रिक्लाइनर सीट की कीमत 2400 रुपये दर्ज की गई है। हैरानी की बात यह है कि इतनी ऊंची कीमतों के बावजूद इन प्रीमियम शोज की लगभग सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।

एडवांस बुकिंग में बना नया रिकॉर्ड

फिल्म के हिंदी संस्करण का औसत टिकट मूल्य लगभग 418 रुपये बताया जा रहा है, जो सामान्य बॉलीवुड फिल्मों की तुलना में लगभग दोगुना है। डॉल्बी सिनेमा फॉर्मेट में इसकी औसत कीमत करीब 759 रुपये तक पहुंच रही है। दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी टिकट दरें अपेक्षाकृत ऊंची हैं। कन्नड़ डब संस्करण के लिए औसत टिकट मूल्य 445 रुपये और तेलुगु डब के लिए लगभग 230 रुपये रखा गया है। हालांकि तमिलनाडु में लागू सख्त प्राइस कैप नियमों के कारण वहां तमिल डब संस्करण का औसत टिकट लगभग 166 रुपये में उपलब्ध है। एडवांस बुकिंग के मामले में फिल्म ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है। रिलीज से आठ दिन पहले ही देशभर में करीब तीन लाख टिकट बिक चुके हैं, जिससे 15 करोड़ रुपये से अधिक का सकल कलेक्शन हो चुका है। फिल्म विशेषज्ञों का अनुमान है कि जिस तेजी से बुकिंग हो रही है, यह जल्द ही पवन कल्याण की फिल्म ‘ओजी’ के 25 करोड़ रुपये के पैन इंडिया प्रीमियर रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।

देशभक्ति और एक्शन से भरपूर है फिल्म की कहानी

आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का दूसरा भाग है। कहानी एक भारतीय जासूस के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में वह पाकिस्तान की जमीन पर एक खतरनाक मिशन को अंजाम देते दिखाई देंगे। फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजबूत मानी जा रही है। इसमें आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, दानिश पंडोर, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। उल्लेखनीय है कि साल 2025 में रिलीज हुई इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ने वैश्विक स्तर पर लगभग 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी और बॉलीवुड की दूसरी सबसे सफल फिल्मों में शामिल हो गई थी। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए ‘धुरंधर 2’ से भी बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र