IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का बड़ा खुलासा, बोले- रन या रिकॉर्ड नहीं, टीम की जीत और ट्रॉफी पर है पूरा फोकस

vaibhav-sooryavanshi-rr-1779898701

जयपुर: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले के बाद बड़ा बयान दिया है। सिर्फ 15 साल की उम्र में बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे वैभव ने साफ कहा कि उनका पूरा ध्यान रिकॉर्ड या व्यक्तिगत उपलब्धियों पर नहीं, बल्कि टीम की जीत और ट्रॉफी हासिल करने पर है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में 97 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुकाबले में 47 रनों से शानदार जीत दर्ज की और आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच दर मैच सोचकर आगे बढ़ते हैं वैभव

मुकाबले के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि टीम हर जीत के बाद सकारात्मक सोच के साथ अगले मुकाबले की तैयारी में जुट जाती है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी मैच से पहले जरूरत के मुताबिक सोचते जरूर हैं, लेकिन ज्यादा दबाव नहीं लेते। उनका पूरा ध्यान सिर्फ उसी मुकाबले पर रहता है जिसमें वह खेल रहे होते हैं।

वैभव ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि बल्लेबाजी में किसी सुधार की जरूरत है, तो वह उसी पर काम करते हैं। उनका मानना है कि ज्यादा सोचने की बजाय मैदान पर परिस्थिति के हिसाब से खेलना ज्यादा जरूरी होता है।

रिकॉर्ड की जानकारी आउट होने के बाद मिली

इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का मौका था, लेकिन वह इस रिकॉर्ड से चूक गए। इसे लेकर भी उन्होंने खुलकर प्रतिक्रिया दी। वैभव ने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान उन्हें इस रिकॉर्ड के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। आउट होने के बाद जब वह डगआउट पहुंचे, तब उन्हें बताया गया कि वह सबसे तेज शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे।

उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी के समय उनका पूरा फोकस विरोधी गेंदबाजों को समझने और विकेट के मुताबिक खेलने पर रहता है। वह लगातार यही सोचते हैं कि किस तरह विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया जाए और टीम के लिए अधिक से अधिक योगदान दिया जाए।

शतक से ज्यादा ट्रॉफी जीतना है लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी ने साफ कहा कि शतक बनाने के मौके आगे भी मिलेंगे, लेकिन इस समय राजस्थान रॉयल्स का पूरा ध्यान आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर है। उन्होंने कहा कि टीम के लिए योगदान देना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और वही उन्हें सबसे ज्यादा संतुष्टि देता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र