Maruti ने बदले दाम: कई लोकप्रिय कारें हुईं महंगी, लेकिन इस SUV पर 38,900 रुपये तक की कीमत घटी

Maruti-Suzuki-S-Presso-And-Renault-Kwid_V_jpg--1280x720-4g

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी ने अपनी एरीना डीलरशिप के जरिए बिकने वाले कई मॉडलों की कीमतों में बदलाव किया है। बढ़ती इनपुट लागत के बीच कंपनी ने जहां कई लोकप्रिय कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं, वहीं ग्राहकों को एक बड़ी राहत भी दी है। मारुति विक्टोरिस के कुछ पेट्रोल वेरिएंट्स की कीमत में 38,900 रुपये तक की कटौती की गई है।

एंट्री-लेवल कारों की कीमतें बरकरार

कंपनी ने अपनी एंट्री-लेवल हैचबैक कारों एस-प्रेसो, ऑल्टो के10 और सेलेरियो की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। मारुति का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पिछले वर्ष सितंबर में जीएसटी संशोधन के बाद इस श्रेणी की कारों की बिक्री में तेजी दर्ज की गई थी। कंपनी ने बिक्री की रफ्तार बनाए रखने के लिए इन मॉडलों की कीमतें पहले जैसी ही रखी हैं।

वैगनआर, स्विफ्ट, ईको और अर्टिगा खरीदना होगा महंगा

मारुति ने कई लोकप्रिय मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। वैगनआर अब 4,500 रुपये महंगी हो गई है और इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4,98,900 रुपये हो गई है। स्विफ्ट के विभिन्न वेरिएंट्स की कीमत में 4,000 से 7,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

इसके अलावा ईको के अलग-अलग वेरिएंट्स 2,500 से 5,000 रुपये तक महंगे हुए हैं। वहीं अर्टिगा की कीमत में 5,000 से 10,000 रुपये तक का इजाफा किया गया है। कंपनी ने टैक्सी सेगमेंट के टूर एम, टूर एस और टूर वी मॉडल की कीमतों में भी संशोधन किया है।

डिजायर महंगी, ब्रेजा की कीमत में नहीं हुआ बदलाव

मारुति डिजायर के कुछ वेरिएंट्स की कीमत में 5,000 से 7,500 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, ब्रेजा की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में एसयूवी खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए यह राहत की खबर मानी जा रही है।

विक्टोरिस के पेट्रोल वेरिएंट्स पर सबसे बड़ी राहत

मारुति विक्टोरिस में कंपनी ने सबसे बड़ा बदलाव किया है। इसकी शुरुआती कीमत में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, लेकिन इसके आठ पेट्रोल वेरिएंट्स की कीमत में 38,900 रुपये तक की कटौती की गई है। यह छूट केवल पेट्रोल मॉडल पर लागू होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सीएनजी और हाइब्रिड वेरिएंट्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अगर आप आने वाले दिनों में नई मारुति कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बुकिंग से पहले संबंधित मॉडल और वेरिएंट की नई कीमत की जानकारी जरूर जांच लें, क्योंकि सभी मॉडलों पर बदलाव एक जैसा नहीं है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र