योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: अब सचिव स्तर के IAS अधिकारी ही बनेंगे भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक, नियमावली में संशोधन मंजूर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में शीर्ष प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विभाग की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दे दी गई। नए प्रावधान के तहत अब भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के निदेशक पद पर केवल सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी ही नियुक्त किए जा सकेंगे।
नियमावली में किया गया अहम संशोधन
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश भूतत्व एवं खनिकर्म (समूह-‘क’ एवं ‘ख’) सेवा (द्वितीय संशोधन) नियमावली को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संशोधन के बाद विभाग के निदेशक पद की पात्रता में बदलाव किया गया है। पहले इस पद पर विशेष सचिव स्तर के अधिकारी की नियुक्ति का प्रावधान था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी के लिए निर्धारित कर दिया गया है।
अपर निदेशक पद पर भी बदला नियुक्ति का प्रावधान
सरकार ने अपर निदेशक पद की नियुक्ति व्यवस्था में भी बदलाव किया है। संशोधित नियमों के अनुसार अब इस पद पर आईएएस संवर्ग के विशेष सचिव स्तर के अधिकारी की तैनाती की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे विभागीय प्रशासन और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
खान अधिकारी के पदों पर भर्ती को भी मिली मंजूरी
कैबिनेट बैठक में खान अधिकारी के तीन रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इन पदों पर चयन के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजने की मंजूरी दी गई है। साथ ही भर्ती के लिए प्रस्तावित शैक्षिक योग्यता को भी कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
