विधानभवन में सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- देश को बांटने वाली ताकतों से रहें सतर्क

CM_yogi_Adityanath_1786770065669

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित विधानभवन में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से मुक्ति भी है।

आजादी की लड़ाई यूपी के बिना अधूरी थी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 में लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद देश को स्वतंत्रता मिली थी। आज हर भारतवासी जिस स्वतंत्र वातावरण में आजादी का अनुभव कर रहा है, वह अनगिनत लोगों की तपस्या, त्याग और बलिदान का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में गुलामी के खिलाफ अलग-अलग समय पर संघर्ष और आंदोलन हुए। उत्तर प्रदेश की धरती से भी आजादी की लड़ाई का बिगुल बजा था। इसलिए उत्तर प्रदेश के योगदान के बिना देश का स्वतंत्रता संघर्ष अधूरा माना जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी हमें यह याद दिलाती है कि नागरिक के रूप में हमें स्वतंत्रता के लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

देश को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को बांटने वाली ताकतों से सभी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि देश में 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला गया है। शिक्षा का दायरा बढ़ा है और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचना शुरू हुआ है।

सीएम योगी ने कहा कि देश की चार प्रमुख जातियों में गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता किसान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें केंद्र में रखकर योजनाएं तैयार की गई हैं।

चौरी-चौरा और काकोरी कांड को किया याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रमुख घटनाक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने गोरखपुर की चौरी-चौरा घटना और लखनऊ के काकोरी ट्रेन एक्शन को याद किया।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी का संघर्ष लगातार आगे बढ़ता रहा और इस दौरान असंख्य लोगों ने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया। स्वतंत्रता दिवस उन सभी वीरों को याद करने और उनके योगदान को नमन करने का अवसर है।

सीएम योगी ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र