उत्तर भारत में मौसम का बड़ा बदलाव! पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी ठंड, मुंबई में लू का अलर्ट
नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई मैदानी इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ने लगी है। सुबह और देर शाम मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर की तेज धूप का असर भी कम हुआ है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि मुंबई में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लू का पीला अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में बारिश से गिरा तापमान, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बादल छाए रहने के साथ सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक भी हो सकती है, हालांकि पूरे दिन लगातार बारिश होने के आसार नहीं हैं। सुबह हवा की गति करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा और दोपहर में 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बारिश के बाद दिल्ली में अधिकतम तापमान गिरकर 28.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह अक्टूबर में अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है और सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है।
सुबह जल्दी घर से निकलने वाले और देर शाम बाहर रहने वाले लोगों को हल्की ठंड महसूस हो सकती है। हालांकि, अभी दिन में कड़ाके की सर्दी जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव से गर्मी की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं।
हिमाचल में बर्फबारी, सच पास पर 30 सेंटीमीटर तक जमी बर्फ
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। शिंकू ला, बारालाचा ला, कुंजुम ला, कोकसर, जिस्पा, केलांग और गोंदला में ताजा बर्फ गिरी। चंबा जिले की सुराल घाटी और सच पास के अलावा कांगड़ा की धौलाधार पर्वत शृंखला में भी बर्फबारी दर्ज की गई।
सुराल में 7 सेंटीमीटर, गोंदला में 5 सेंटीमीटर और केलांग में 3 सेंटीमीटर बर्फ गिरी, जबकि सच पास पर बर्फ की मोटाई 30 सेंटीमीटर तक पहुंच गई। भारी बर्फबारी के कारण सच पास को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
लाहौल-स्पीति में गोंदला के पास बर्फबारी के बाद फंसे करीब 100 वाहनों को पुलिस टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला। ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। मनाली और धर्मशाला में भी तापमान में काफी गिरावट आई है। ठंड बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकालने और अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में शनिवार तक कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान जताया है। 16 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खराब मौसम रह सकता है, जबकि 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में 18 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, केदारनाथ मार्ग पर हादसा
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों और राजधानी देहरादून में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 18 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में कई जगह भारी बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
जम्मू क्षेत्र के उधमपुर में सबसे ज्यादा 59.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पुंछ में 39.5 मिलीमीटर, सांबा और शोपियां में 34-34 मिलीमीटर, बारामूला में 29 मिलीमीटर और कटरा में 23.1 मिलीमीटर बारिश हुई। कश्मीर घाटी में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। श्रीनगर में 12 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगह हल्की बर्फबारी और ओलावृष्टि की आशंका भी है। हालांकि, 16 अक्टूबर को जम्मू क्षेत्र में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए हल्की बारिश हो सकती है।
यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 16 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम के बदलाव का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति कभी-कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 16 अक्टूबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान, तेज हवाओं की भी चेतावनी
उत्तर भारत में जहां ठंडक बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश तेज होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी बारिश बढ़ने का अनुमान है।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 16 से 18 अक्टूबर तक बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक वी. आर. दुरई के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। करूर जिले के थोगैमलाई में सबसे ज्यादा 11 सेंटीमीटर बारिश हुई। नागपट्टिनम और धर्मपुरी में 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के कई अन्य अंदरूनी इलाकों में भी मध्यम बारिश हुई।
दुरई ने बताया कि अगले दो दिनों में पश्चिमी घाट और उससे सटे अंदरूनी जिलों में गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इनमें नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, इरोड, तिरुप्पुर, सलेम, नमक्कल, धर्मपुरी और तिरुवन्नामलाई शामिल हैं। चेन्नई और आसपास के इलाकों में भी मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मुंबई में बढ़ती गर्मी, 16 अक्टूबर को लू का पीला अलर्ट
उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान गिरने से ठंडक बढ़ रही है, लेकिन महाराष्ट्र में फिलहाल सर्दी के संकेत नहीं दिख रहे हैं। मुंबई और राज्य के अन्य इलाकों में तापमान बढ़ रहा है। कई जगह पारा करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसे अक्टूबर के लिहाज से असामान्य माना जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिन के समय समुद्री हवाओं के देर से चलने और गुजरात तथा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को मुंबई में लू चलने की आशंका के मद्देनजर पीला अलर्ट जारी किया है।
