टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव, नोएल टाटा छोड़ेंगे 6 कंपनियों के अहम पद; नए चेयरमैन के नामों का ऐलान

Photo-5-4
नई दिल्ली: टाटा ग्रुप में नेतृत्व के स्तर पर बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। नोएल टाटा समूह की छह कंपनियों में बोर्ड स्तर की जिम्मेदारियों से हटने वाले हैं। इनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद शामिल हैं। इसके अलावा वह टाटा स्टील और टाइटन के वाइस चेयरमैन पद भी छोड़ेंगे।

इन जिम्मेदारियों से मुक्त होने के बाद नोएल टाटा को चेयरमैन एमेरिटस का पद दिया जाएगा। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने रहेंगे और टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट्स के नामित निदेशक के रूप में भी अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

इन कंपनियों में नए चेयरमैन संभालेंगे जिम्मेदारी

नोएल टाटा के पद छोड़ने के बाद टाटा इंटरनेशनल की कमान टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन संभालेंगे। वहीं, वोल्टास के चेयरमैन पद पर सुनील डिसूजा की नियुक्ति की गई है। ट्रेंट के चेयरमैन पद के लिए एजीबी एंड पार्टनर्स के सह-संस्थापक बहराम वकील को नामित किया गया है।

वोल्टास में प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। इसके अगले दिन यानी 25 मई 2027 से जयंत बालान पांच साल के लिए कंपनी के नए प्रबंध निदेशक का पद संभालेंगे।

रिटायरमेंट नीति के तहत लिया गया फैसला

टाटा ग्रुप के मुताबिक, नोएल टाटा का इन पदों से हटना समूह की तय सेवानिवृत्ति नीति का हिस्सा है। इसका टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच चल रहे मतभेदों से कोई संबंध नहीं है। इससे पहले रतन टाटा ने भी 70 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद इसी नीति के तहत समूह के कार्यकारी पदों से दूरी बना ली थी।

नोएल टाटा ने जून में ट्रेंट की सालाना आम बैठक के दौरान ही चेयरमैन पद छोड़ने के संकेत दे दिए थे। इसके बाद वोल्टास की सालाना बैठक में भी उन्होंने स्पष्ट किया था कि चेयरमैन के तौर पर यह उनकी आखिरी बैठक होगी।

नेतृत्व और कामकाज के तरीके को लेकर मतभेद भी चर्चा में

टाटा ग्रुप में यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब समूह के भीतर नेतृत्व और कामकाज के संचालन को लेकर मतभेद सामने आ चुके हैं। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा पांच साल का कार्यकाल देने के प्रस्ताव का नोएल टाटा ने विरोध किया था। इसके अलावा टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी।

नोएल टाटा ने फैसले लेने की प्रक्रिया और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए थे। ऐसे में छह कंपनियों के बोर्ड से उनकी विदाई को अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, समूह ने साफ किया है कि यह फैसला निर्धारित सेवानिवृत्ति नीति के तहत लिया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र