रिसर्चर्स के लिए OpenAI का बड़ा ऑफर, 12 महीने मुफ्त मिलेगा ChatGPT Plus; 30 नवंबर से आवेदन
ओपनएआई के मुताबिक, इस पहल के तहत दुनियाभर में 2 लाख तक शोधकर्ताओं को मुफ्त ChatGPT की सुविधा देने का लक्ष्य है। इसके लिए 50 हजार नए ग्रांट दिए जाएंगे। इनका आवंटन पात्र आवेदकों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन
यह कार्यक्रम पात्र शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विज्ञान, गणित और इंजीनियरिंग क्षेत्र के रिसर्च फैकल्टी सदस्यों और पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ताओं के लिए है। आवेदन करने वालों को अपने संस्थान से जुड़ाव का प्रमाण देना होगा। साथ ही, उन्हें अपने शोध अनुभव की जानकारी भी देनी होगी।
पात्रता की एक प्रमुख शर्त यह है कि आवेदक के नाम पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक रिसर्च पेपर प्रकाशित होना चाहिए। यह शोध पत्र arXiv, bioRxiv या ChemRxiv जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना जरूरी है।
उम्मीदवारों को अपने शोध कार्य का विवरण देने के साथ यह भी बताना होगा कि वे अकादमिक गतिविधियों में ChatGPT का इस्तेमाल किस तरह करना चाहते हैं। हालांकि, सभी शर्तें पूरी करने का मतलब यह नहीं है कि आवेदन मंजूर हो ही जाएगा। संस्थागत और क्षेत्रीय पात्रता नियम भी लागू होंगे।
हर रिसर्च टीम को मिलेंगी तीन मुफ्त सीटें
कार्यक्रम के तहत चयनित प्रत्येक रिसर्च टीम को 12 महीने के लिए ChatGPT Plus की तीन सीटें दी जाएंगी। इनमें एक सीट मुख्य आवेदक और दो सीटें उसके सहयोगी शोधकर्ताओं के लिए होंगी। इसके लिए एक अलग रिसर्च वर्कस्पेस भी उपलब्ध कराया जाएगा।
शोधकर्ता वैज्ञानिक सामग्री की समीक्षा, नए रिसर्च आइडिया और परिकल्पनाएं तैयार करने, डेटा का विश्लेषण करने और रिसर्च कोड लिखने जैसे कामों में ChatGPT की मदद ले सकेंगे। कोड में गलतियां सुधारने के अलावा रिसर्च पेपर और ग्रांट आवेदन तैयार करने में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ओपनएआई प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और व्यावहारिक सहायता भी उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही शोधकर्ताओं को दूसरे प्रतिभागियों के साथ विचार साझा करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। कंपनी के अनुसार, इस कार्यक्रम में साझा किए गए डेटा का इस्तेमाल डिफॉल्ट रूप से उसके एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए नहीं किया जाएगा।
पायलट प्रोग्राम में 33 देशों के 20 हजार शोधकर्ता जुड़े
ओपनएआई के मुताबिक, जुलाई में इस कार्यक्रम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद से 33 देशों के करीब 20 हजार शोधकर्ता इससे जुड़ चुके हैं। कंपनी ने इस दौरान ‘Science at the Frontier: How Scientists Use ChatGPT’ नाम से एक रिपोर्ट भी जारी की है।
रिपोर्ट में ओपनएआई की आर्थिक शोध टीम ने पायलट कार्यक्रम में शामिल 1,819 वैज्ञानिकों के 5.8 लाख से अधिक वैज्ञानिक संदेशों का विश्लेषण किया। इसके अलावा 251 प्रतिभागियों के बीच सर्वे कराया गया। सर्वे में शामिल शोधकर्ताओं का अनुमान था कि एआई की मदद के बिना समान स्तर का काम पूरा करने में उन्हें 1.9 गुना अधिक समय लग सकता था।
इस पहल के जरिए कंपनी का लक्ष्य वैज्ञानिक समुदाय तक उन्नत एआई टूल्स की पहुंच बढ़ाना और शोध से जुड़े जटिल कामों में शोधकर्ताओं को सहयोग देना है।
