संन्यासी बेटे को विदा करते छलक पड़े थे मां सावित्री देवी के आंसू, भिक्षा में दिए थे चावल, फल और सिक्के; योगी ने कही थी ये बात
दरअसल, योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट था। वर्ष 1993 में उन्होंने घर छोड़कर गोरखपुर का रुख किया था। इसके बाद 14 जनवरी 1994 को उन्होंने संन्यास दीक्षा ग्रहण की और योगी आदित्यनाथ नाम धारण किया। संन्यास लेने के कुछ वर्षों बाद जब वह अपने गांव लौटे, तो उनका उद्देश्य परिवार के साथ रहने के बजाय संन्यास परंपरा के एक महत्वपूर्ण विधान को पूरा करना था। इसके तहत उन्हें अपने माता-पिता से संन्यासी के रूप में भिक्षा ग्रहण करनी थी।
जब मां ने संन्यासी बेटे को दी भिक्षा
पंचूर स्थित घर के आंगन में जब सावित्री देवी अपने संन्यासी बेटे के सामने आईं, तो भावनाएं उमड़ पड़ीं। मां ने भिक्षा के रूप में चावल, फल और सिक्के दिए। लेकिन बेटे को भिक्षा देते समय उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। मां का मन अपने बेटे को दोबारा दूर भेजने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को रोकने की कोशिश की और वापस न जाने की गुहार लगाई।
एक तरफ मां की ममता बेटे को अपने पास रखना चाहती थी, वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ अपने संन्यास के संकल्प और परंपरा का पालन कर रहे थे। इसी भावुक माहौल में उन्होंने अपनी मां से कहा था, ‘मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा लेने आया हूं।’
मां की ममता और संन्यास के संकल्प के बीच भावुक पल
योगी आदित्यनाथ के ये शब्द उनके संन्यासी जीवन के संकल्प को दर्शाते थे, लेकिन मां के लिए बेटे को विदा करना बेहद कठिन था। सावित्री देवी ने भावनाओं के बावजूद अपने बेटे के फैसले का सम्मान किया और उसे भिक्षा देकर आशीर्वाद दिया। यह पल मां की ममता और बेटे के संन्यास जीवन के प्रति समर्पण की मार्मिक तस्वीर बन गया।
मां के निधन के बाद फिर याद आया पुराना प्रसंग
सावित्री देवी के निधन के बाद उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में इस घटना को फिर याद किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सावित्री देवी ने हमेशा अपने बेटे को स्नेह और आशीर्वाद दिया तथा उनके संन्यासी जीवन के फैसले का सम्मान किया। मां-बेटे के बीच वर्षों पहले घर के आंगन में हुआ यह भावुक संवाद आज भी उनके रिश्ते की गहराई, मां के त्याग और ममता की याद दिलाता है।
