यूपी की मसौदा मतदाता सूची में 1 लाख डुप्लीकेट वोटर मिलने का सपा का दावा, चुनाव आयोग से मांगा नकद इनाम
पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर कथित डुप्लीकेट मतदाताओं का ब्योरा सौंपा है। इस ज्ञापन पर प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह के हस्ताक्षर हैं।
403 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची जांचने का दावा
सपा ने अपने ज्ञापन में बताया कि पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के तहत आने वाले 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों की जांच की है। इस प्रक्रिया में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नामों का परीक्षण किया गया। पार्टी का दावा है कि इस जांच में करीब एक लाख ऐसे मतदाताओं की जानकारी सामने आई है, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं।
अलग-अलग पहचान पत्र नंबर से दर्ज मिले समान विवरण वाले नाम
समाजवादी पार्टी के मुताबिक, 17 नवंबर को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान ऐसे मामले सामने आए, जिनमें मतदाताओं के नाम, रिश्तेदारों के नाम, पते और उम्र सहित अन्य जानकारियां एक जैसी हैं। हालांकि, इन मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र यानी ईपीआईसी नंबर अलग-अलग हैं।
पार्टी का आरोप है कि ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में कई जगह दर्ज हैं। सपा ने दावा किया है कि संबंधित मतदाताओं के नाम, मतदाता क्रमांक, मतदान केंद्र संख्या और विधानसभा व जिलेवार विवरण मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईमेल के जरिए भेज दिए गए हैं।
डुप्लीकेट वोटर पहचानने पर घोषित इनाम की पूरी रकम मांगी
सपा ने ज्ञापन में नकद पुरस्कार का मुद्दा भी उठाया है। पार्टी के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 11 नवंबर को डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
समाजवादी पार्टी का दावा है कि उसने सबसे पहले बड़ी संख्या में कथित डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनकी सूची निर्वाचन अधिकारियों को सौंपी है। इसी आधार पर पार्टी ने घोषित पुरस्कार की पूरी राशि दिए जाने की मांग की है।
मतदाता सूची की गड़बड़ियां दूर करने के लिए अभियान चलाने की मांग
समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूचियों की व्यापक जांच कराने और उनमें मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में कराने में मदद मिलेगी।
हालांकि, मसौदा मतदाता सूची में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की मौजूदगी को लेकर समाजवादी पार्टी के दावे की निर्वाचन आयोग की ओर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।
