SIR के बाद वोटर लिस्ट से नाम हटाने पर ओवैसी का हमला, बोले- आखिर PDA के मसीहा क्या कर रहे हैं?

Asaduddin_Owaisi_1791744218404_k

आजमगढ़: एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी रविवार को समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), अखिलेश यादव और PDA को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में SIR के बाद हजारों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर PDA के मसीहा इस मुद्दे पर क्या कर रहे हैं।

SIR और मतदाता सूची को लेकर उठाए सवाल

ओवैसी ने कहा कि अब PDA के समर्थक उनसे पूछेंगे कि उन्होंने इस मुद्दे पर क्या किया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हैदराबाद और तेलंगाना में उनकी पार्टी ने लाखों लोगों के नाम खोजकर उन्हें दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने का काम किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने अपने कट्टर राजनीतिक विरोधियों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए बुलाया, क्योंकि उनका मानना है कि हर पात्र व्यक्ति का वोटर सूची में नाम होना चाहिए।

85 हजार नाम हटने का किया दावा

ओवैसी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में SIR के बाद 85 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए, वहां हटाने वाले अधिकारी का नाम दर्ज होना चाहिए था, लेकिन उसकी जगह केवल A, N, H और F जैसे अक्षर लिख दिए गए। उन्होंने पीलीभीत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 18 लोगों ने 829 फॉर्म-7 जमा किए। उन्होंने फिर सवाल दोहराया कि इस पूरे मामले में PDA के मसीहा आखिर क्या कर रहे हैं।

हैदराबाद का उदाहरण देकर गिनाया अपनी पार्टी का काम

ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में यदि किसी ने वर्ष 2002 की मतदाता सूची का एप तैयार किया तो वह उनकी पार्टी मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन थी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने लाखों लोगों के नाम खोजकर उन्हें उपलब्ध कराए और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बने रहें।

‘मुझे मुकाबला करके हराने में मजा आता है’

अपने संबोधन के दौरान ओवैसी ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के एक कट्टर विरोधी ने उनसे पूछा कि चुनाव में हर बार विरोध करने के बावजूद वह उसकी मदद क्यों कर रहे हैं। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह मुकाबले से नहीं डरते और चाहते हैं कि विरोधी का भी वोटर सूची में नाम रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मुकाबला होना चाहिए और उन्हें मुकाबला करके हराने में ही मजा आता है। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का भविष्य बदलने वाला है।

सपा पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि यदि लोग लाल टोपी के साथ जुड़ेंगे तो नेता नहीं बनेंगे, बल्कि उनके गुलाम बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति लोगों को राजनीतिक भागीदारी देने की है, जबकि दूसरे दलों की सोच अलग है।

बहराइच में भी विपक्ष पर लगाए थे आरोप

ओवैसी ने याद दिलाया कि इससे पहले बहराइच में भी उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि विपक्ष चाहता है कि अब्दुल केवल दरी बिछाए, नेताओं के समर्थन में नारे लगाए, वोट दे और फिर घर चला जाए। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों की कोई बड़ी राजनीतिक पार्टी मजबूत हो और उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़े।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र