UP Road Accident: होली पर मातम, यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस की टक्कर से 6 की मौत, 6 से ज्यादा घायल

हाथरस से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। होली के मौके पर खुशियों के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। कार और डबल डेकर बस की भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मृतकों के घरों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 141 के पास हादसा
हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना सादाबाद क्षेत्र के माइलस्टोन 141 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही एक ईको कार को पीछे से नोएडा से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कार में 13 लोग थे सवार
पुलिस के अनुसार ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि ईको का चालक सुरक्षित है।

अपर पुलिस अधीक्षक का बयान
हाथरस के अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सुबह करीब 4:15 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस ने कार को पीछे से टक्कर मारी। घायलों का इलाज जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसे चिंता का विषय
गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर भीषण हादसे होते रहते हैं। यातायात नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित होती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
