चीन का बड़ा कमाल! 19 यात्रियों को लेकर उड़ा इलेक्ट्रिक विमान, 57 मिनट तक चला परीक्षण
इलेक्ट्रिक वाहनों के बाद अब विमानन क्षेत्र में भी इस तकनीक के इस्तेमाल की संभावनाएं बढ़ रही हैं। CE-25A को खासतौर पर कम दूरी की यात्री उड़ानों के लिए तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक, विमान एक बार में 19 यात्रियों को लेकर करीब 400 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम है।
300 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है रफ्तार
CE-25A का अधिकतम टेकऑफ वजन 10 टन बताया गया है। यह विमान 300 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से उड़ान भर सकता है। इसमें दो पायलटों के साथ 19 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसे क्षेत्रीय हवाई परिवहन की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
14 नवंबर को शानदोंग प्रांत के बिनझोउ शहर में हुए परीक्षण के दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर सवार थे। उड़ान के दौरान इसने अधिकतम 2,400 मीटर की ऊंचाई हासिल की। पूरी परीक्षण प्रक्रिया 57 मिनट 46 सेकंड चली, जबकि विमान वास्तविक रूप से 16 मिनट 38 सेकंड तक हवा में रहा। इस दौरान उसने 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की।
COMAC के अनुसार, परीक्षण के दौरान विमान का प्रदर्शन सामान्य रहा और इसके परिणाम उम्मीदों के मुताबिक मिले।
पंखों पर लगे इलेक्ट्रिक फैन से मिलेगी उड़ान की ताकत
CE-25A में इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। इसके पंखों पर बिजली से संचालित होने वाले कई डक्टेड फैन लगाए गए हैं। ये फैन हवा को पीछे की ओर धकेलते हैं, जिससे विमान को आगे बढ़ने के लिए जरूरी गति और ताकत मिलती है।
पारंपरिक विमानों में जहां जेट या टर्बाइन इंजन का इस्तेमाल होता है, वहीं इस विमान में इलेक्ट्रिक मोटर के जरिए प्रणोदन की व्यवस्था की गई है। यही तकनीक इसे सामान्य यात्री विमानों से अलग बनाती है।
पहले बिना पायलट के भी भर चुका है उड़ान
मानव-संचालित परीक्षण से पहले CE-25A का 2 फरवरी 2026 को पहला मानवरहित स्वचालित उड़ान परीक्षण किया गया था। कंपनी के मुताबिक, विमान के विकास के दौरान कुल 19 मानवरहित उड़ान परीक्षण भी पूरे किए गए हैं।
इस परियोजना में COMAC के साथ चीन की प्रमुख बैटरी निर्माता कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग विश्वविद्यालय और कई अन्य संस्थान शामिल हैं। विमान को व्यावसायिक उड़ानों में शामिल करने से पहले तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े कई अहम परीक्षण पूरे करने होंगे।
चीन के नागरिक उड्डयन नियामक प्राधिकरण CAAC ने इस विमान के टाइप सर्टिफिकेट के लिए दिए गए आवेदन को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, व्यावसायिक संचालन की शुरुआत के लिए जरूरी प्रमाणन प्रक्रिया अभी पूरी होनी बाकी है।
अमेरिका भी बना रहा इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड विमान
इलेक्ट्रिक विमान विकसित करने की कोशिश सिर्फ चीन तक सीमित नहीं है। अमेरिका की कई कंपनियां भी इस क्षेत्र में काम कर रही हैं। अमेरिकी कंपनी हार्ट एयरोस्पेस 36 यात्रियों की क्षमता वाले हाइब्रिड विमान को विकसित कर रही है। वहीं, इलेक्ट्रा कंपनी नौ यात्रियों के लिए हाइब्रिड विमान तैयार करने में जुटी है।
इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड विमानों को भविष्य के क्षेत्रीय हवाई परिवहन के लिए अहम विकल्प माना जा रहा है। इनसे पारंपरिक विमान ईंधन पर निर्भरता और परिचालन लागत कम करने की संभावनाएं हैं। हालांकि, इनकी व्यावसायिक सफलता काफी हद तक बैटरी की क्षमता, उड़ान की दूरी, सुरक्षा मानकों और संचालन पर आने वाले खर्च पर निर्भर करेगी।
