रेलवे की गंभीर लापरवाही! ब्रेक खराब होने के बावजूद 463 किलोमीटर तक दौड़ती रही वंदे भारत, जांच के आदेश
नई दिल्ली: रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन तक एक खाली वंदे भारत ट्रेन को खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद करीब 463 किलोमीटर तक चलाया गया। ट्रेन के डिब्बों को मालगाड़ी के इंजन से जोड़कर ले जाया जा रहा था, लेकिन उनका ब्रेकिंग सिस्टम अलग कर दिया गया था। नतीजतन, डिब्बों में ब्रेक काम नहीं कर रहे थे और पूरी ट्रेन केवल इंजन के ब्रेक के सहारे चलती रही। लोको पायलटों ने बार-बार लिखित शिकायत कर अधिकारियों को खतरे से आगाह किया, लेकिन उनकी चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया गया। अब रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खराब ब्रेक के बावजूद 463 किलोमीटर तक चलती रही ट्रेन
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 24 अक्टूबर की है। ब्रेकिंग सिस्टम में खराबी होने के बावजूद खाली वंदे भारत ट्रेन को झारखंड से उत्तर प्रदेश के बीच करीब 463 किलोमीटर तक चलने दिया गया। इस लापरवाही से दूसरी यात्री ट्रेनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। दक्षिण पूर्व रेलवे ने अब इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इस घटना के कुछ ही दिन बाद 11 नवंबर को लगभग इसी तरह की लापरवाही के चलते कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस असम में पटरी से उतर गई थी।
बड़ा हादसा होने पर जा सकती थी जान
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने बिना पर्याप्त ब्रेकिंग क्षमता के ट्रेन चलाए जाने को गंभीर चिंता का विषय बताया है। रेलवे के मुताबिक, ऐसी स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था और कर्मचारियों के साथ यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। इस तरह की लापरवाही से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
खाली वंदे भारत ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन की मदद से झारखंड के हटिया से यूपी के झांसी तक ले जाया जाना था। इसके लिए ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन की ब्रेक प्रणाली से जोड़ना जरूरी था, लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने यह व्यवस्था सही तरीके से नहीं की।
लोको पायलट की चेतावनी के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन की ब्रेक प्रणाली से जोड़ना था, ताकि पूरी ट्रेन में ब्रेक लग सके। लेकिन कर्मचारियों ने दोनों प्रणालियों को ठीक से नहीं जोड़ा। इससे डिब्बों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे।
मामला तब और गंभीर हो गया, जब ट्रेन के चालक दल ने इस खराबी की जानकारी अधिकारियों को दी, लेकिन जोखिम को नजरअंदाज कर ट्रेन आगे रवाना कर दी गई। यह लापरवाही किसी बड़े रेल हादसे की वजह बन सकती थी।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची डीआरएम को सौंपी जांच
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने रांची के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। 7 नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक, 24 अक्टूबर को खाली वंदे भारत ट्रेन को हटिया से झांसी ले जाने के निर्देश दिए गए थे।
लोको पायलट के बयान के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद हटिया-रांची रेलखंड पर ‘ब्रेक फील’ और ‘ब्रेक पावर टेस्ट’ किया गया। इस जांच के दौरान चालक ने पाया कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर थी।
लिखित शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान
रांची स्टेशन पहुंचने पर लोको पायलट ने ट्रेन की खराब ब्रेकिंग क्षमता को लेकर सेक्शन नियंत्रक, ट्रैक्शन लोको नियंत्रक और अन्य रेलवे कर्मचारियों को लिखित शिकायत दी। इसके बावजूद शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया और खराब ब्रेकिंग सिस्टम के साथ ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया।
बताया गया है कि जब ट्रेन उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) स्टेशन पहुंची, तब रेलवे कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
डीडीयू स्टेशन पर जांच में खुली लापरवाही की पोल
डीडीयू स्टेशन पर अधिकारियों ने ट्रेन की जांच की। इसमें पता चला कि सभी डिब्बों के ब्रेकिंग सिस्टम अलग कर दिए गए थे। इस वजह से डिब्बों में ब्रेक नहीं लग रहे थे और ट्रेन केवल इंजन के ब्रेक के सहारे स्टेशन तक पहुंची थी।
जांच संबंधी आदेश में कहा गया है कि ब्रेकिंग सिस्टम के सही तरीके से काम नहीं करने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित कर्मचारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
