दिल्ली पुलिस-CAPF SI भर्ती: 21 हजार अभ्यर्थियों की मार्कशीट में मिली गड़बड़ी, 20 नवंबर तक करना होगा यह काम
प्रयागराज: दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने जा रहे करीब 21 हजार अभ्यर्थियों के हाईस्कूल के अंकपत्र में विसंगतियां मिली हैं। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने इन अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनंतिम अनुमति दे दी है, लेकिन परिणाम प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए उन्हें 20 नवंबर तक अपना हाईस्कूल का अंकपत्र अपलोड करना होगा।
इसके लिए अभ्यर्थियों को एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने अभ्यर्थी पोर्टल में लॉगइन करना होगा। इसके बाद एसआई सीपीओ 2026 के सिटी लाइव या एडमिट कार्ड स्टेटस पेज पर जाकर कक्षा 10 का अंकपत्र अपलोड करना होगा।
23 से 28 नवंबर तक होगी पेपर-1 की परीक्षा
एसएससी के क्षेत्रीय कार्यालयों की ओर से संबंधित अभ्यर्थियों को ईमेल के जरिए भी इस बारे में सूचना दी जा रही है। दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2026 के कंप्यूटर आधारित पेपर-1 का आयोजन 23 से 28 नवंबर तक किया जाएगा।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित लॉगइन मॉड्यूल के माध्यम से अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। वहीं, प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तारीख से दो से तीन दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।
आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों को तय समयसीमा के भीतर अंकपत्र अपलोड करने की सलाह दी है, ताकि परिणाम तैयार करते समय किसी तरह की दिक्कत न आए।
रेलवे पैरामेडिकल भर्ती के आवेदन का स्टेटस भी जारी
रेलवे पैरामेडिकल भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे। रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, पैरामेडिकल श्रेणी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए 15 सितंबर 2026 को आवेदन मांगे गए थे।
अब अभ्यर्थियों को आवेदन के तीन तरह के स्टेटस दिखाई देंगे। इनमें प्रोविजनली एक्सेप्टेड यानी अस्थायी रूप से स्वीकार, कंडीशनली एक्सेप्टेड यानी शर्तों के साथ स्वीकार और रिजेक्टेड यानी आवेदन निरस्त होने की स्थिति शामिल है।
जिन अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए गए हैं, उन्हें इसकी वजह भी बताई जाएगी। आवेदन से जुड़ी किसी परेशानी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 9592001188 और 0172-565-3333 पर संपर्क कर सकते हैं।
