नंबर प्लेट छिपाई तो टोल पर लगेगा 8 गुना जुर्माना! AI कैमरों से पकड़े जाएंगे वाहन, सरकार बदलने जा रही नियम
चालान के अलावा देना होगा कई गुना टोल
नई व्यवस्था में सबसे अहम बात यह है कि टोल चोरी के लिए लगाया जाने वाला जुर्माना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत होने वाले चालान से अलग होगा। फिलहाल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। यह चालान राज्य परिवहन विभाग की ओर से वसूला जाता है।
वहीं, प्रस्तावित नियम लागू होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जैसी एजेंसियों को भी नियम तोड़ने वाले वाहनों से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक अतिरिक्त शुल्क वसूलने का अधिकार मिल सकता है। यानी वाहन चालकों को चालान के साथ टोल का भारी जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।
AI कैमरों से पकड़ी जाएगी नंबर प्लेट में गड़बड़ी
सरकार टोल प्लाजा पर हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो महीनों में ऐसा सिस्टम शुरू किया जा सकता है, जो हाई-रिजोल्यूशन कैमरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से संदिग्ध वाहनों की पहचान करेगा।
यह तकनीक उन गाड़ियों को पकड़ने में मदद करेगी, जिनकी नंबर प्लेट मोड़ी गई है, उसके कुछ अंक छिपाए गए हैं या किसी अन्य तरीके से उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। इससे टोल चोरी करने वाले वाहनों की पहचान करना आसान हो सकेगा।
बैरियर-लेस टोलिंग में सामने आई नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की समस्या
दरअसल, देशभर के नेशनल हाईवे पर बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वाहनों को बिना रोके टोल वसूली करना है, ताकि सफर में समय की बचत हो और टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति न बने।
हालांकि, दिल्ली के मुंडका समेत कुछ टोल प्लाजा पर यह व्यवस्था शुरू होने के बाद NHAI के सामने नई चुनौती आई है। अधिकारियों ने पाया कि कई वाहन चालक टोल टैक्स से बचने के लिए अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट मोड़ देते हैं या उन पर कुछ चिपका देते हैं, जिससे कैमरे नंबर की सही पहचान नहीं कर पाते।
2 से 4 फीसदी वाहन चालक कर रहे टोल चोरी
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों की संख्या कुल ट्रैफिक का करीब 2 से 4 फीसदी है। हालांकि, सरकार का मानना है कि बैरियर-लेस टोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी वाहनों की नंबर प्लेट का स्पष्ट दिखाई देना जरूरी है।
इसी वजह से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) की अनिवार्यता और उसकी सही स्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित नियम लागू होने के बाद नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल बचाने वालों पर आर्थिक कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।
