माघ मेले में शाकाहारी और फिट पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती! सात्विक विचार वालों को मिलेगी प्राथमिकता, 4 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा

Prayagraj_Magh_Mela_policemen_1795423525270_jaA7_1795423533307_zRgM_6f0315be-ae4c-495d-b0ab-5f740161571c_oDsu
प्रयागराज: माघ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रयागराज पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार संगम की रेती पर लगने वाले मेले में शारीरिक रूप से फिट और शाकाहारी पुलिसकर्मियों की तैनाती को प्राथमिकता दी जाएगी। 50 वर्ष से कम उम्र के जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहीं, सात्विक विचार रखने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी मांग पर तत्काल मेला ड्यूटी दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस बार थानों और पुलिस चौकियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

19 थाने और 55 पुलिस चौकियों से होगी निगरानी

माघ मेला 14-15 जनवरी 2027 से शुरू होकर छह मार्च यानी महाशिवरात्रि तक चलेगा। 52 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सुरक्षा के लिए 17 की जगह 19 थाने और 42 की जगह 55 पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। इनमें जल पुलिस की पांच चौकियां भी शामिल होंगी।

डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव के मुताबिक, मेले में करीब चार हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में सिविल पुलिस, पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड, यूपी एटीएस और खुफिया एजेंसियां भी शामिल रहेंगी।

400 से ज्यादा CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा शहर में लगे 1152 कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। आग की घटनाओं से निपटने के लिए 22 फायर स्टेशन और 20 फायर वॉच टावर बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 16 साइबर हेल्प डेस्क और 16 महिला हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेंगी।

10 दिसंबर से पहुंचने लगेगी आधी पुलिस फोर्स

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10 दिसंबर तक कुल पुलिस बल का 50 प्रतिशत प्रयागराज पहुंच जाएगा। इसके बाद शेष फोर्स को दो चरणों में 10 और 40 प्रतिशत के अनुपात में बुलाया जाएगा। तैनाती में ऐसे अनुभवी पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता मिलेगी, जो पहले कुंभ या माघ मेले में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। शाकाहारी और सात्विक विचारों वाले पुलिसकर्मियों को भी उनकी मांग पर ड्यूटी देने की व्यवस्था की गई है।

925 हेक्टेयर में बसेगा मेला, 9 पांटून पुल बनेंगे

इस बार माघ मेला करीब 925 हेक्टेयर क्षेत्र में आठ सेक्टरों में बसाया जाएगा। इसमें नागवासुकी और अरैल क्षेत्र भी शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए नौ पांटून पुल बनाए जाएंगे। वहीं, करीब डेढ़ लाख वाहनों की पार्किंग के लिए 42 पार्किंग स्थल तैयार किए जाएंगे।

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां

माघ मेला-2027 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए रविवार को संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही पुलिस ध्वज की स्थापना और अस्थायी पुलिस लाइन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई।

इस दौरान पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा, विजय ढुल, डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी अरुण पाराशर भी शामिल हुए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र