भारत में एंट्री से पहले चीनी कार कंपनी Chery पर उठे सवाल, अब Tiggo Cross के दो पहिए बीच सड़क हुए अलग; पहले Omoda 5 भी हुई थी हादसे का शिकार

0114-1
नई दिल्ली: भारतीय कार बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही चीनी ऑटोमोबाइल कंपनी Chery की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। JSW Group के साथ संभावित साझेदारी को लेकर चर्चा में रही इस कंपनी की एक और SUV का मलेशिया में एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद Chery Tiggo Cross के दोनों पहिए गाड़ी से अलग हो गए और अगला बंपर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पहले कंपनी की Omoda 5 के साथ भी एक्सल टूटने और पहिए अलग होने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने कंपनी की गाड़ियों की सुरक्षा और मजबूती को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मलेशिया के एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

रिपोर्ट के मुताबिक, 7 नवंबर को मलेशिया के न्यू क्लैंग वैली एक्सप्रेसवे (NKVE) पर Chery Tiggo Cross की एक अन्य कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद SUV के दोनों पहिए अलग हो गए और उसका अगला बंपर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें एक्सप्रेसवे पर दोनों दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जबकि Tiggo Cross के दोनों पहिए वाहन से अलग पड़े नजर आते हैं। हालांकि, सामने आई तस्वीरों और वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किस तरह हुई और पहिए ठीक किस समय अलग हुए।

कंपनी ने तकनीकी खराबी से किया इनकार

Chery Auto Malaysia ने बयान जारी कर कहा है कि उसकी टीम ग्राहक के संपर्क में है और उसे लगातार सहायता दी जा रही है। कंपनी के मुताबिक, Tiggo Cross के पहिए किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि दुर्घटना की वजह से अलग हुए। आगे का बंपर भी टक्कर के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है।

कंपनी ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि की गई जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। हालांकि, Chery ने अभी तक इस घटना से जुड़ी तकनीकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है। ऐसे में हादसे की परिस्थितियों और वाहन को हुए नुकसान की वजह को लेकर पूरी तस्वीर सामने आना बाकी है।

पहले Omoda 5 का एक्सल टूटने से मचा था हड़कंप

Chery की गाड़ियों से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है। इससे पहले मलेशिया में कंपनी की लोकप्रिय SUV Omoda 5 का रियर एक्सल चलते वाहन में टूट गया था, जिसके बाद उसके पहिए अलग हो गए थे। इस घटना ने भी कंपनी की वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

इसके बाद अक्टूबर में मलेशिया के रोड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट (JPJ) ने Omoda 5 के पुराने पेट्रोल मॉडल का व्हीकल टाइप अप्रूवल (VTA) अस्थायी रूप से रोक दिया था। इस फैसले के चलते जांच और सुरक्षा मूल्यांकन पूरा होने तक संबंधित मंजूरी के तहत नई गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जा सकता था।

इसके बाद कंपनी ने Omoda 5 C और Omoda 5 H की कुल 8,878 गाड़ियों को वापस बुलाने यानी रिकॉल करने का ऐलान किया था।

JSW Group के साथ भारत आने की तैयारी

Chery से जुड़ी ये घटनाएं भारतीय बाजार के लिहाज से भी अहम हैं, क्योंकि कंपनी भारत में कारोबार शुरू करने की योजना बना रही है। इसके लिए चीनी ऑटोमोबाइल कंपनी JSW Group के साथ साझेदारी की संभावनाओं पर काम कर रही है।

माना जा रहा है कि कंपनी की पहली गाड़ियां 2026 के अंत से लेकर 2027 के बीच भारतीय बाजार में आ सकती हैं। अगर योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो भारत में एक और चीनी ऑटो ब्रांड की एंट्री होगी। हालांकि, भारतीय बाजार में कदम रखने से पहले मलेशिया में सामने आई ये घटनाएं कंपनी के लिए भरोसा कायम करने की चुनौती बन सकती हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र