अमेरिका की डिपोर्टेशन योजना को पाकिस्तान ने दिया झटका, ईरानी नागरिकों को लेने से किया इनकार; बीच रास्ते से लौटा विमान
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में सवार सभी ईरानी नागरिकों को एरिजोना से डिपोर्ट किया जा रहा था। अमेरिकी प्रशासन की योजना के तहत पहले उन्हें पाकिस्तान ले जाया जाना था और फिर वहां से ईरान भेजना था। एक अमेरिकी अधिकारी और हिरासत में रखे गए व्यक्ति के एक रिश्तेदार ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से इनकार किए जाने के बाद विमान को वापस लौटना पड़ा। अमेरिका पहुंचने के बाद डिपोर्ट किए जाने वाले सभी लोगों को दोबारा एरिजोना के इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
पाकिस्तान ने फ्लाइट स्वीकार करने से किया इनकार
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इससे पहले मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा था कि पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान भेजे जाने वाले लोगों के डिपोर्टेशन की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।
एरिजोना से ईरानी नागरिकों के एक समूह को डिपोर्ट करने की यह दूसरी कोशिश थी, जिसे कथित तौर पर रद्द करना पड़ा है। लगातार आ रही बाधाओं से अमेरिकी प्रशासन की डिपोर्टेशन योजना और इसमें पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
पाकिस्तान को ट्रांजिट रूट बनाना चाहता है ट्रंप प्रशासन
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन ईरान और अफगानिस्तान के नागरिकों को उनके देशों में वापस भेजने के लिए पाकिस्तान को ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। इस व्यवस्था के तहत अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने वाले लोगों को पहले पाकिस्तान पहुंचाया जाना है। इसके बाद वहां से उन्हें उनके संबंधित देशों में भेजने की योजना है।
यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिका उन देशों में नागरिकों को वापस भेजने के लिए पाकिस्तान का रास्ता इस्तेमाल करना चाहता है, जिनके साथ उसके औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। पाकिस्तान के ताजा इनकार से इस व्यवस्था को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। फिलहाल इस पूरे मामले पर पाकिस्तान सरकार की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
