महाराष्ट्र की सियासत में नई हलचल! शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के बाद 10 नवंबर पर टिकी नजरें
दरअसल, शरद पवार इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। वहां उनका उपचार और चिकित्सकीय जांच चल रही है। इसी दौरान अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। पटेल ने उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई।
वीडियो में क्या हुई दोनों नेताओं के बीच बातचीत?
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच बातचीत सुनी जा सकती है। शरद पवार कहते हैं कि उन्हें पता है कि वहां रहना पड़ता है, लेकिन यह भी बताना होगा कि कब तक रहना है। इसके बाद दोनों आगे की बातचीत तय करेंगे।
इस पर प्रफुल्ल पटेल कहते हैं कि वह 10 नवंबर के बाद मुंबई में रहेंगे। शरद पवार जब भी कहेंगे, वह उनके साथ बैठकर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।
शरद पवार की इस टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एनसीपी के दोनों गुटों के बीच संभावित मेल-मिलाप को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि 10 नवंबर के बाद होने वाली बातचीत किन मुद्दों पर होगी। ऐसे में इस मुलाकात को किसी राजनीतिक फैसले या गठबंधन की दिशा में बढ़ा कदम मानना फिलहाल जल्दबाजी होगी।
प्रफुल्ल पटेल ने भी राजनीतिक चर्चा की बात मानी
अस्पताल में मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने शरद पवार के साथ राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत होने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, उन्होंने चर्चा का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया। पटेल के मुताबिक, वह शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे और उनकी तबीयत अच्छी है।
अब राजनीतिक हलकों में 10 नवंबर के बाद होने वाली संभावित बैठक को लेकर उत्सुकता है। यह बातचीत केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित रहती है या इसमें एनसीपी के दोनों गुटों के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी फोन कर जाना था हालचाल
गौरतलब है कि शरद पवार को खांसी और सांस लेते समय सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। वहां से छुट्टी मिलने के एक दिन बाद बुधवार को उन्हें नियमित चिकित्सकीय जांच और आगे के उपचार के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर उनका हालचाल जाना था। शरद पवार के करीबी और पारिवारिक मित्र विट्ठल मणियार के अनुसार, प्रधानमंत्री ने उन्हें आराम करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी थी। उन्होंने सुप्रिया सुले और खुद के मिलकर देश संभालने की बात भी कही थी।
