मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार, महिला और बच्चे समेत 6 लोग जिंदा जले
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दिवाली के अगले दिन देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी के पास तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं।
जींद से हरिद्वार जा रहे थे कार सवार
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी थे। वे जींद से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। रविवार देर रात जागाहेड़ी के नजदीक अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी, लेकिन आग की भयावहता के कारण किसी को बचाने का मौका नहीं मिल सका।
दमकल ने बुझाई आग, कार से निकाले गए छह शव
सूचना मिलने पर तितावी थाना पुलिस और दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार के अंदर फंसे सभी छह लोगों के शव बाहर निकाले गए। आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने क्या बताया?
तितावी थाना प्रभारी जयबीर सिंह के अनुसार, शुरुआती जानकारी में कार सवार सभी छह लोगों के हरियाणा के जींद का निवासी होने की बात सामने आई है। वे हरिद्वार जा रहे थे। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चित्रकूट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार श्रद्धालुओं की मौत
इसी रात उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भी बड़ा सड़क हादसा हुआ। रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पावर हाउस के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई।
इस हादसे में एक मासूम समेत चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सात घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बताया गया है कि ट्रैक्टर पर सवार श्रद्धालु दीपदान में शामिल होने के बाद प्रयागराज लौट रहे थे। मृतकों में तीन लोग मध्य प्रदेश के रीवा और एक प्रयागराज जिले का निवासी था।
