गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की गोवर्धन पूजा, बोले- हर हाल में करनी होगी गाय की रक्षा; गोपालकों के लिए सरकार की योजनाएं भी गिनाईं
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गायों और गोवंश को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ व केला खिलाया। गोसेवा के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। साथ ही गोवंश की नस्ल सुधार और पशुपालकों की समृद्धि के लिए भी प्रयास करने होंगे।
गायों को नाम लेकर पुकारा, दुलार भी किया
दीपावली के दिन रविवार से गोरखपुर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों और गोवंश को तिलक लगाकर उनका पूजन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने गायों को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान वह गोशाला में मौजूद कई गायों और गोवंश को उनके नाम से पुकारते नजर आए। उन्होंने उनके पास जाकर उन्हें दुलार भी किया।
7700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश का संरक्षण
गोवर्धन पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए विशेष कार्यक्रम चला रही है। राज्य में 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश की देखभाल की जा रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गोवंश की रक्षा के साथ-साथ उनकी नस्ल सुधार और पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
गाय पालने पर हर महीने 1500 रुपये दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने गोसंरक्षण के लिए संचालित तीन तरह की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहली व्यवस्था सरकारी निराश्रित गोआश्रय स्थलों की है, जहां बेसहारा गोवंश को रखा जाता है।
दूसरी योजना सहभागिता कार्यक्रम है। इसके तहत कोई किसान सरकारी गोआश्रय स्थल से निराश्रित गाय लेकर उसकी देखभाल करता है तो उसे प्रति गाय हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गाय ले सकता है। इस तरह चार गायों की देखभाल पर उसे हर महीने 6000 रुपये तक की सहायता मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुपोषित परिवारों को भी दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। इसके साथ ही परिवार को गाय के पालन-पोषण के लिए हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसान और कुपोषित परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य, सड़कों पर बेसहारा न घूमें गायें
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि तीसरी व्यवस्था ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकारी स्तर पर संचालित गोआश्रय स्थलों की है। ग्रामीण इलाकों में इनका संचालन पशुपालन विभाग करता है, जबकि शहरों में नगर विकास विभाग के तहत कान्हा उपवन चलाए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गायें सड़कों पर न घूमें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचे। गोवंश को सुरक्षित स्थान पर सम्मानजनक तरीके से रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था करना ही निराश्रित गोआश्रय स्थलों की स्थापना का मकसद है।
कृषि और ऋषि परंपरा में गाय का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत कृषि और ऋषि परंपरा वाला देश है और गाय उसकी आत्मा है। देश की धार्मिक और कृषि संस्कृति में गाय तथा गोवंश को हमेशा विशेष स्थान मिला है। दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के रूप में इसी परंपरा का निर्वहन किया जाता है।
उन्होंने गाय को समृद्धि का खजाना बताते हुए कहा कि धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति में गोसेवा का महत्वपूर्ण स्थान है। जिस परंपरा में गाय और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाते हैं, वहां सुख-समृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होता है।
हर परिवार गो ग्रास निकालने की परंपरा अपनाए
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से गोसेवा की भारतीय परंपरा का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भोजन का पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान के लिए निकालने की परंपरा रही है। यदि हर परिवार इस परंपरा के अनुसार गाय और श्वान के लिए भोजन की व्यवस्था करे तो यह भी सेवा का बड़ा कार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अपने घर में गाय नहीं पाल सकते, वे धर्मार्थ कार्य के रूप में संचालित गोशालाओं में सहयोग देकर गोसेवा कर सकते हैं। उनके मुताबिक, गोसेवा से समाज के साथ-साथ सेवा करने वाले परिवार के जीवन में भी सुख और समृद्धि आती है।
