यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर घटने का योगी का दावा, मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 1.63% बढ़ी; अखिलेश के सवाल पर बताया डाटा का आधार

ANI-20261108028-0_1794187320127
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि एसआईआर के बाद राज्य में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं, जबकि मुस्लिम वोटरों की संख्या में 1.63 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। योगी के इस दावे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाया था कि उन्हें यह आंकड़ा कहां से मिला। अब मुख्यमंत्री ने इसका आधार बताते हुए कहा है कि एसआईआर से पहले और बाद की मतदाता सूचियां सार्वजनिक हैं और कोई भी उनका मिलान कर सकता है।

अखिलेश से बोले- चुनाव आयोग से एसआईआर वापस लेने की मांग करें

आज तक के कार्यक्रम ‘पंचायत’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईआर को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को इस प्रक्रिया पर आपत्ति है तो उन्हें चुनाव आयोग से एसआईआर वापस लेने की मांग करनी चाहिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अखिलेश ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

योगी ने बताया कि उनकी ओर से भी चुनाव आयोग को ज्ञापन दिया गया है। इसमें मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम गायब होने के कारणों की जानकारी मांगी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि ये नाम किस वजह से हटे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

मतदाता सूची के आंकड़ों को बताया दावे का आधार

अखिलेश यादव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर से पहले और इसके बाद जारी मतदाता सूचियां सभी के लिए उपलब्ध हैं। इन्हीं सूचियों के आधार पर आंकड़ों का मिलान किया जा सकता है।

योगी आदित्यनाथ के अनुसार, करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। उन्होंने अलग-अलग आंकड़े रखते हुए कहा कि करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाता हैं, जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं है। इसके अलावा उन्होंने 18 और 19 लाख के आंकड़ों के साथ करीब साढ़े चार लाख मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने की बात भी कही।

46 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाने का दिया तर्क

मुख्यमंत्री योगी ने एसआईआर की जरूरत बताते हुए कहा कि मतदाता सूची में ऐसे करीब 46 लाख लोगों के नाम शामिल थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। उनके मुताबिक, पुनरीक्षण का एक उद्देश्य मृत मतदाताओं के नाम हटाना भी था।

उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं के नाम हटने के बाद पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल होने चाहिए थे, लेकिन बड़ी संख्या में अन्य मतदाताओं के नाम भी सूची से गायब हो गए। योगी ने कहा कि सरकार की मांग है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए जाएं और जिन हिंदू मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उन्हें सूची में जोड़ा जाए।

चुनाव आयोग को ज्ञापन, नाम जोड़ने की जताई उम्मीद

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन दिया गया है। इसमें मतदाता सूची से नाम गायब होने के कारणों की जांच करने और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि जल्द ही छूटे हुए सभी पात्र नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र