लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका, लैंड फॉर जॉब केस में लालू-राबड़ी और तेजस्वी पर आरोप तय करने का आदेश बरकरार
यह मामला वर्ष 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र की तत्कालीन सरकार में रेल मंत्री थे। सीबीआई का आरोप है कि उस दौरान रेलवे में नौकरी देने के बदले अभ्यर्थियों या उनके परिजनों से जमीन ली गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस पूरे मामले में नियमों को दरकिनार कर कथित तौर पर लालू परिवार को आर्थिक लाभ पहुंचाया गया।
निचली अदालत के फैसले को लालू परिवार ने दी थी चुनौती
इस मामले में 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू परिवार के सदस्यों सहित कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे। अदालत ने भ्रष्टाचार से जुड़ी विभिन्न धाराओं के तहत भी आरोप निर्धारित किए थे।
निचली अदालत के इस आदेश को लालू परिवार की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। अब हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखते हुए उनकी याचिका पर राहत देने से इनकार कर दिया है।
रेलवे के होटलों के ठेकों में भी गड़बड़ी का आरोप
सीबीआई ने इस मामले में रेलवे के रांची और पुरी स्थित होटलों के ठेके आवंटित करने में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया है। जांच एजेंसी के अनुसार, लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान आईआरसीटीसी के इन दोनों होटलों का ठेका निजी कंपनी सुजाता होटल्स को दिया गया था।
सीबीआई का दावा है कि ठेका आवंटित करने की प्रक्रिया में नियमों के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके बदले लालू यादव के परिवार को कथित तौर पर रिश्वत के रूप में कीमती जमीन और शेयर मिले थे। जांच एजेंसी इसी कथित लेनदेन को नौकरी के बदले जमीन मामले से जोड़कर देख रही है।
