मां को बचाने पहुंचा बेटा बना पिता का हत्यारोपी, धारदार हथियार से किए कई वार; वारदात के बाद फरार
सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर निवासी रामेंद्र सिंह (53) परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका बेटा सत्यम सिंह बच्चों को डांस सिखाता है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात रामेंद्र नशे की हालत में घर पहुंचे थे। इसके बाद पत्नी अंजू से उनका विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान रामेंद्र ने अंजू की पिटाई कर दी।
मां को पिटता देख सत्यम बीच-बचाव करने पहुंचा। इस बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सत्यम ने धारदार हथियार से रामेंद्र पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रामेंद्र जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजू की तहरीर पर सत्यम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि विवाद के दौरान बेटे ने धारदार हथियार से पिता पर हमला किया था, जिससे उनकी जान चली गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
परिवार का इकलौता बेटा था सत्यम
राधानगर की इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। रामेंद्र सिंह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। वह मंडी में पल्लेदारी कर घर का खर्च चलाते थे। परिजनों के मुताबिक, रामेंद्र और अंजू के बीच पिछले दो दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। यह भी चर्चा है कि शराब पीने के बाद रामेंद्र अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करते थे।
मंगलवार रात भी इसी वजह से घर में झगड़ा शुरू हुआ था। परिवार के लोगों ने बताया कि सत्यम उनका इकलौता बेटा था। रामेंद्र की कोई बेटी नहीं थी। जिस बेटे को उन्होंने बड़ा किया और परिवार का सहारा समझा, अब उसी पर उनकी हत्या का आरोप है। पिता की मौत के बाद परिवार एक ओर मुखिया के खोने के सदमे में है, तो दूसरी ओर बेटा पुलिस की तलाश में है।
