‘आप मेरे आदर्श हैं’… फ्लाईदुबई के जांबाज कैप्टन स्मित मच्छार से PM मोदी की 9 मिनट की खास बातचीत

0209

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई विमान की घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बात की। करीब 9 मिनट चली इस बातचीत में प्रधानमंत्री ने मुश्किल हालात में कैप्टन की बहादुरी, सूझबूझ और संयम की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके साथ है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

कैप्टन स्मित ने कहा- पीएम मोदी मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से बात करना उनके लिए बेहद खास पल है। स्मित ने बताया कि पीएम मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और प्रधानमंत्री का फोन आना उनके लिए गर्व की बात है।

कैप्टन ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे बात करने का मौका मिलेगा।

PM मोदी बोले- भारतीय दूसरों की जान बचाने के लिए जोखिम उठाते हैं

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित की हिम्मत और मुश्किल समय में सूझबूझ बनाए रखने की तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि स्मित ने जिस तरह चुनौतीपूर्ण हालात में संयम बनाए रखा, वह उनकी बहादुरी और जिम्मेदारी को दिखाता है।

PM मोदी ने स्मित की मां गीता बेन का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गीता बेन ने उन्हें भगवद्गीता की सीख और अच्छे संस्कारों के साथ बड़ा किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि स्मित के व्यवहार और मुश्किल समय में दिखाई गई हिम्मत के पीछे उनकी मां की परवरिश और संस्कारों की बड़ी भूमिका है।

मुश्किल वक्त में पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा

कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को बताया कि जब भी वह मुश्किल परिस्थितियों में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई विमान की घटना के दौरान जब हालात बेहद कठिन थे, तब भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे।

स्मित के मुताबिक, मुश्किल समय में हनुमान चालीसा ने उन्हें हिम्मत बनाए रखने में मदद की। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

करीब 9 मिनट की इस वीडियो कॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मित मच्छार के बीच बहादुरी, संस्कार और कठिन परिस्थितियों में हिम्मत बनाए रखने को लेकर बातचीत हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र