गंभीर चोट के बाद भी नहीं डिगा हौसला, फ्लाईदुबई विमान में जान पर खेलकर डटे रहे कैप्टन स्मित मच्छार; पीएम मोदी ने बताया हीरो
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें हीरो बताया। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर खतरे के बीच बुरी तरह घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और दूसरों की जान बचाने के लिए मजबूती से मुकाबला किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कैप्टन मच्छार की बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली और एक बड़ी त्रासदी को टाला जा सका। उन्होंने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि भारत को उन पर गर्व है।
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गंभीर खतरे और बुरी तरह घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त साहस और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने, नई ताकत और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
दुबई से तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट
यह पूरा मामला फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 से जुड़ा है। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और इसमें 170 से ज्यादा लोग सवार थे। बुधवार को उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन और को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई।
भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके ओमानी को-पायलट ने चाकू से हमला किया। हमले के बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। उड़ान की निगरानी से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे आ गया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संभाली स्थिति
हमले में कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश जारी रखी। वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्री और चालक दल के सदस्य कॉकपिट तक पहुंच सके और आरोपी को काबू करने में मदद की।
विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने भी नियंत्रण संभालने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
नेतन्याहू ने भी की कैप्टन मच्छार की तारीफ
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने मुकाबला किया। इससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर को रोकने का मौका मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि कैप्टन मच्छार की बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। फ्लाइट में कुल 174 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं। उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया। इसके बाद जून 2022 में वह फ्लाईदुबई से जुड़े। वह बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं और उनके पास वाणिज्यिक विमानन क्षेत्र में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है।
कैप्टन मच्छार फ्लाईदुबई में सीधे कप्तान के तौर पर जुड़े थे। इससे पहले स्पाइसजेट में उन्होंने दूसरे पायलटों की ट्रेनिंग और मार्गदर्शन से जुड़ी जिम्मेदारियां भी संभाली थीं।
