छह राज्यों की पुलिस जिसे तलाश रही थी, उसे यूपी में दबोचा गया, 5वीं-6वीं फेल पति-पत्नी ने 50 करोड़ से ज्यादा की ठगी को दिया अंजाम

sitapur_news_1790919062849_Bksf

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने एक ऐसे ठग दंपति को गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश छह प्रदेशों की पुलिस कर रही थी। दोनों पति-पत्नी पांचवीं और छठी कक्षा तक पढ़े हैं, लेकिन फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। कभी बैंक मैनेजर तो कभी आयकर अधिकारी बनकर ठगी करने वाले इस दंपति पर देशभर में 50 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

सीतापुर में दोनों ने नीलाम होने वाले सोने के सिक्के सस्ते दाम में दिलाने और पुराने कटे-फटे नोट बदलने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 27 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस के मुताबिक, दंपति के खिलाफ पांच राज्यों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 लाख रुपये नकद, करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवर और बैंक मैनेजर तथा आयकर अधिकारी के फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं।

तीन लोगों से 27 लाख रुपये की ठगी

एसपी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रेमनगर निवासी रामनरेश जायसवाल ने 22 लाख रुपये, लांड्री संचालक अतुल ने चार लाख रुपये और प्रेमलता बाजपेयी ने एक लाख रुपये की ठगी का मुकदमा शहर कोतवाली में दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

बैंक मैनेजर और आयकर अधिकारी बनकर बनाते थे शिकार

रामनरेश के मकान में किराये पर रहने वाले रोहित बाजपेयी ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक की मिश्रिख शाखा का मैनेजर बताया था। उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चन्द्रा खुद को आयकर अधिकारी बताती थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों ने नीलामी में आने वाले सोने के सिक्के कम कीमत पर दिलाने और पुराने कटे-फटे नोट बदलवाने का लालच दिया। इसी झांसे में तीन लोगों से 27 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस ने कन्नौज के भगवान मकरंद नगर निवासी रोहित बाजपेयी और नेपाल के चितवन भरतपुर निवासी उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चन्द्रा को गिरफ्तार कर लिया।

पांच राज्यों में दर्ज हैं 10 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, इस दंपति के खिलाफ बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। सीतापुर के अलावा गाजियाबाद, बनारस, झांसी और कुशीनगर में भी इनके खिलाफ मामले सामने आए हैं।

छह प्रदेशों की पुलिस लंबे समय से दोनों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसके बावजूद दोनों लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर थे और अलग-अलग पहचान बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।

झांसी में टीटीई बनकर भी की थी ठगी

सीओ ने बताया कि रोहित बाजपेयी ने झांसी में खुद को टीटीई बताकर यात्रियों से टिकट बनाने के नाम पर रुपये वसूले थे। इस मामले में जीआरपी ने उसे गिरफ्तार भी किया था। पुलिस अब दंपति से पूछताछ कर उनके ठगी के नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र