जनता दर्शन में CM योगी का सख्त निर्देश, दूसरी बार भी समस्या लेकर आया फरियादी तो तय होगी जवाबदेही; जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के आदेश

WhatsApp Image 2026-10-05 at 12.25.58 PM

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में दूरदराज से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों को समाधान का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर उचित समस्या का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पीड़ित एक ही वास्तविक समस्या को लेकर दूसरी बार जनता दर्शन में आता है और उसका पहले समाधान नहीं हुआ है तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है और वास्तविक समस्या का समय पर निस्तारण नहीं होना अक्षम्य है।

हर फरियादी तक पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचकर एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराया जाए।

जमीन कब्जाने वालों पर हो कड़ी कानूनी कार्रवाई

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने दबंगों द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग ने गरीब व्यक्ति की जमीन पर कब्जा किया है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही जबरन कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि पीड़ित को न्याय और दोषियों को सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र