जालंधर वेस्ट में नशे की खुलेआम बिक्री पर AAP में सियासी घमासान, पार्षद पति ने लाइव आकर नेताओं को घेरा
कीमती भगत के बयान के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला आम आदमी पार्टी के नेता कीमती भगत के हालिया सोशल मीडिया लाइव के बाद सामने आया। उन्होंने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद पार्षद पति अमन ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर कीमती भगत को निशाने पर लिया।
अमन ने कहा कि यदि कुछ लोग नशे की बिक्री रोकने में मदद नहीं कर सकते तो कम से कम इस समस्या के खिलाफ आवाज उठाने वालों का विरोध भी नहीं करना चाहिए। उनके मुताबिक, नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों को हतोत्साहित करने के बजाय उनका साथ दिया जाना चाहिए।
जालंधर वेस्ट के कई इलाकों में खुलेआम बिक्री का दावा
अपनी लाइव वीडियो में अमन ने जालंधर वेस्ट के कई इलाकों का जिक्र करते हुए वहां खुलेआम नशा बिकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखकर देखना चाहिए। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति नशे के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसका समर्थन करने के बजाय उसे गलत ठहराने की कोशिश क्यों की जाती है।
AAP के भीतर नशे के मुद्दे पर बढ़ी हलचल
पार्षद पति के सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने के बाद जालंधर वेस्ट में नशे की बिक्री और इसे रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि नशे के खिलाफ आवाज अब आम आदमी पार्टी के भीतर से भी उठ रही है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।
