टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन, सुबह अलार्म बजने पर भी नहीं उठे; मां कमरे में पहुंचीं तो थम चुकी थीं सांसें
दोस्त ने छोटे भाई की तरह याद किया
रूपेश सोनार ने अनुज के साथ बिताए समय को याद करते हुए उन्हें छोटे भाई जैसा बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें अब भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा कि अनुज उनके बीच नहीं रहे। दोनों ने साथ मिलकर कई परियोजनाओं पर काम करने की योजनाएं बनाई थीं। रूपेश ने अनुज के शुरुआती संघर्ष और अभिनय के सफर को करीब से देखने का जिक्र करते हुए कहा कि उनका इतनी कम उम्र में चले जाना बेहद दुखद है।
सुबह 4:30 बजे बजता रहा अलार्म, मां जगाने पहुंचीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज रोजाना सुबह करीब 4:30 बजे उठकर जॉगिंग और व्यायाम करते थे। वह अपनी फिटनेस को लेकर काफी अनुशासित रहते थे। घटना वाले दिन भी सुबह 4:30 बजे उनका अलार्म बजा, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि अनुज की सांसें थम चुकी थीं। बताया जा रहा है कि सोते समय उन्हें दौरे पड़े थे।
वकार शेख और हंसा सिंह ने जताया दुख
अनुज के निधन की खबर से मनोरंजन जगत के कई कलाकार भी स्तब्ध हैं। अभिनेता वकार शेख ने उन्हें शुरुआती दिनों से जानने की बात कहते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अनुज को प्यारा और अच्छा इंसान बताया। अभिनेत्री हंसा सिंह ने भी इस खबर पर हैरानी और दुख जताया। वहीं, सोशल मीडिया पर अनुज की आखिरी पोस्ट पर प्रशंसक उन्हें याद कर भावुक संदेश लिख रहे हैं। उनकी इस पोस्ट में जुलाई 2026 में दक्षिण अफ्रीका की यात्रा की तस्वीरें थीं।
करीब दो दशक का रहा टेलीविजन करियर
अनुज ठाकुर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत डिज्नी चैनल की लोकप्रिय युवा धारावाहिक ‘धूम मचाओ धूम’ से की थी। इसके बाद वह कई हिंदी टीवी कार्यक्रमों में नजर आए। उन्होंने ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ जैसे धारावाहिकों में भी काम किया। बाद में सागर मेहता के सिटकॉम ‘माहीसागर’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई। टेलीविजन जगत में उनका सफर करीब दो दशक तक रहा।
