फ्लाईदुबई विमान में पायलट पर हमला करने वाला ओमानी को-पायलट अब कहां है? UAE ने शुरू की जांच, ट्रंप ने ईरान से कनेक्शन का किया दावा

Flydubai_1790909104127_12x4_1790

रियाद: फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर कथित हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया गया है। UAE ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान के कॉकपिट में आखिर किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।

यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था, जो दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहा था। घटना के बाद विमान की सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। कॉकपिट में हुई इस घटना के दौरान पायलट स्मित मच्छार घायल हो गए थे।

कॉकपिट में शुरू हुई हाथापाई, पायलट ने संभाला मोर्चा

आरोप है कि ओमानी को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर ही कैप्टन स्मित मच्छार के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन पर हमला किया। इसके बाद स्मित मच्छार ने उसका मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।

कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद कुछ यात्रियों ने भी हस्तक्षेप किया और आरोपी को काबू करने में मदद की। इस दौरान स्मित मच्छार की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से तबूक एयरपोर्ट पर उतारा गया।

दोनों पायलटों का सऊदी अरब में हुआ इलाज

घटना के बाद स्मित मच्छार और आरोपी ओमानी को-पायलट का सऊदी अरब में इलाज कराया गया। इलाज के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए UAE को सौंप दिया गया।

अब UAE का न्यायिक विभाग इस मामले की जांच कर रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कॉकपिट में हमला क्यों हुआ और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।

ट्रंप ने को-पायलट के ईरान कनेक्शन का किया दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश करने वाले सह-पायलट के ईरान से संबंध होने की संभावना का दावा किया है।

व्हाइट हाउस में गुरुवार को पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें आरोपी सह-पायलट और तेहरान के बीच किसी संबंध की जानकारी दी गई है। इस पर ट्रंप ने कहा कि इस मामले पर अभी काम चल रहा है।

ट्रंप ने कहा कि जो जानकारी वह सुन रहे हैं, उसके आधार पर इसका जवाब हां हो सकता है, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

ईरान का हाथ मिला तो कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर जांच में हमले के पीछे ईरान का हाथ सामने आता है तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा, उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, ट्रंप ने इस दावे के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। मामले की जांच UAE में जारी है और जांच के बाद ही घटना से जुड़े पूरे तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र