‘मुझसे इस्तीफा नहीं मांगा गया…’, यूपी कांग्रेस में बदलाव पर बोले अजय राय, आराधना मिश्रा को दी शुभकामनाएं

6ac07f2deef6f-ajay-rai--up-congr

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नई टीम के गठन और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आराधना मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह कड़ी मेहनत करें और कांग्रेस को उनसे भी आगे लेकर जाएं।

अजय राय ने कहा कि कुछ भी स्थायी नहीं होता और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी मेहनत से काम किया। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व और खास तौर पर राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें एक सामान्य कार्यकर्ता होने के बावजूद प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई और नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव भी लड़ाया गया।

‘शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जताया’

अजय राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्हें दोबारा उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा गया। उन्होंने दावा किया कि शीर्ष नेतृत्व से मिली ताकत के कारण वाराणसी में नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस को 4 लाख 60 हजार वोट मिले और सात राउंड में वह मोदी से आगे भी रही।

अजय राय ने कहा कि यह इस बात को दिखाता है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर कितना भरोसा जताया था।

‘आराधना मिश्रा कांग्रेस को मुझसे भी आगे ले जाएं’

आराधना मिश्रा ‘मोना’ को बधाई देते हुए अजय राय ने कहा कि वह उनसे खूब मेहनत करने की अपील करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आराधना मिश्रा कांग्रेस को उनके कार्यकाल से भी आगे लेकर जाएंगी।

‘मुझसे इस्तीफा नहीं मांगा गया’

प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने साफ किया कि उनसे इस्तीफा नहीं मांगा गया था और न ही पार्टी की ओर से उन पर किसी तरह का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्देशों का पालन करते हैं।

अजय राय ने बताया कि उनकी राहुल गांधी से भी मुलाकात हुई थी। इस दौरान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने, आगे किए जाने वाले काम और किन लोगों को जिम्मेदारी देकर ताकत देने जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई थी।

‘मैंने अपना कर्तव्य और दायित्व निभाया’

अजय राय ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना कर्तव्य, धर्म और दायित्व निभाया है और आगे भी पूरी ईमानदारी और ताकत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि वह काशी के रहने वाले हैं और बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं। उनके ऊपर बाबा का आशीर्वाद है और महादेव के आशीर्वाद से वह आगे बढ़ेंगे।

आराधना मिश्रा के नेतृत्व में मजबूत समीकरण का दावा

आराधना मिश्रा को लेकर अजय राय ने कहा कि वह तीन बार की विधायक हैं और उनके परिवार का भी प्रभाव रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार कांग्रेस का समीकरण पहले से ज्यादा मजबूत है।

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना

अजय राय ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर वसूली और चोरी के आरोप भी लगाए।

गोरखपुर का जिक्र करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि वहां देवता के नाम पर आए पैसे का भी दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि वहां के सांसद ने गोरखपुर को ‘स्पेन’ बनाने की बात कही थी, लेकिन लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे और पहले के मुकाबले दोगुनी ताकत के साथ आगे बढ़ेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र