‘2027 में कांग्रेस बनाएगी सरकार’, प्रदेश अध्यक्ष बनते ही आराधना मिश्रा का बड़ा दावा, BJP पर साधा निशाना

mona_1790956951894_IXpO_17909569

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने पद संभालने के बाद पार्टी के 2027 के लक्ष्य को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि समय कम है और चुनौतियां बहुत ज्यादा हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता प्रदेश के हर कांग्रेस कार्यकर्ता के भीतर यह विश्वास पैदा करना है कि कांग्रेस 2027 में सरकार बनाने जा रही है।

आराधना मिश्रा ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की चार पीढ़ियों से कांग्रेस के प्रति निष्ठा की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए वह पूरी ताकत से काम करेंगी।

‘पहले अपना घर संभाले बीजेपी’

आराधना मिश्रा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ और दिल्ली के बीच कलह चल रही है और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी की टीम के भीतर मतभेद हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को पहले अपना घर संभालना चाहिए और इसके बाद राजनीतिक मैदान में अपनी ताकत दिखानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बीजेपी की अंदरूनी लड़ाई का फायदा तलाशने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस अपने एजेंडे के साथ चुनाव लड़ेगी और उसका लक्ष्य मजबूती के साथ चुनाव लड़ने के साथ-साथ INDIA गठबंधन को मजबूत करना है।

2024 के लोकसभा चुनाव का किया जिक्र

आराधना मिश्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अगर बीजेपी का ‘अहंकार रथ’ कहीं रुका था तो वह उत्तर प्रदेश की धरती पर रुका था। उन्होंने इसका श्रेय INDIA गठबंधन को देते हुए कहा कि गठबंधन ने ही बीजेपी को रोका था।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार ‘बैसाखी’ पर है और इसका श्रेय उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों को जाता है।

एसपी सिंह के बयान पर बोलीं- फैसले नेतृत्व स्तर पर होते हैं

समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर आराधना मिश्रा ने कहा कि इस तरह के फैसले पार्टी नेतृत्व के स्तर पर होते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह अपने शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगी।

सोशल इंजीनियरिंग पर कांग्रेस का रुख साफ

कांग्रेस की सोशल इंजीनियरिंग से जुड़े सवाल पर आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी में हमेशा सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश के लिए अलग-अलग लोगों को साथ लाकर एक टीम तैयार की है और यही टीम 2027 में पार्टी के लक्ष्य को पूरा करेगी।

आराधना मिश्रा ने बीजेपी पर एक बार फिर हमला बोलते हुए कहा कि उसके विधायक, सांसद, पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष के स्वर उत्तर प्रदेश और दिल्ली के नेतृत्व से अलग हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दो विचारधाराएं नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस की अपनी एक विचारधारा है और पार्टी 2027 का लक्ष्य पूरा करेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र