विपक्ष के हमलों के बीच PM मोदी ने बताया अपनी सबसे बड़ी ताकत, बोले- चुनाव अपनी जगह, हम तो राष्ट्र निर्माण के लिए निकले हैं

pm_modi_1790228161733_mWtC_17902

देवास/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि लोगों से मिलने वाला आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और ऊर्जा है। गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ में शामिल प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी लोगों के आशीर्वाद से ही चली है। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति और चुनाव अपनी जगह हैं, लेकिन उनका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का संकल्प है।

यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर निकाली जा रही है। इसमें अलग-अलग राज्यों के युवा शामिल हो रहे हैं। मध्य प्रदेश के देवास में मौजूद यात्रा के प्रतिभागियों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने शासन में सेवा भाव को महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात से लेकर दिल्ली तक सेवा ही शासन व्यवस्था और संस्कारों का मूल भाव रही है। उनके मुताबिक, जब शासन के केंद्र में सेवा की भावना होती है तो नीतियों के केंद्र में नागरिकों के प्रति सम्मान और सेवा का संकल्प रहता है।

बड़ी सत्ता मिलने पर भी सेवा का मार्ग नहीं बदलेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजनीतिक जीवन में कितनी भी बड़ी सत्ता क्यों न मिल जाए, मूल उद्देश्य सेवा ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऊंचे पद या बड़े राजनीतिक शिखर पर पहुंचने के बावजूद सेवा के रास्ते से विचलित नहीं होना चाहिए।

उन्होंने ‘सेवा यात्रियों’ से लोगों की सेवा को अपना मुख्य उद्देश्य बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने आचरण के जरिए लोगों तक सेवा का संदेश पहुंचाना चाहिए और इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

‘लोगों का आशीर्वाद ही मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी ऊर्जा’

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों के आशीर्वाद को अपने जीवन की सबसे बड़ी ऊर्जा बताया। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किया गया काम लोग याद रखते हैं और सेवा करने वाले लोगों को आशीर्वाद देते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी जिंदगी भी लोगों के आशीर्वाद से चली है और यही आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ऊर्जा रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष चुनावों में हेरफेर के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर लगातार हमले कर रहा है और लोगों से सड़कों पर उतरने की अपील कर रहा है।

‘राजनीति अपनी जगह, चुनाव अपनी जगह, लेकिन हम राष्ट्र निर्माण के लिए निकले’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजनीति, चुनाव और शासन व्यवस्था अपनी-अपनी जगह हैं, लेकिन उनका लक्ष्य राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश के विकास के इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाशक्ति की भूमिका को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र