सहारा निवेशकों के लिए राहत की खबर! 47 लाख से ज्यादा लोगों को मिला रिफंड, 7 दिन में लौटाए ₹221.45 करोड़

0000000000000-10
नई दिल्ली: सहारा की सहकारी समितियों में जमा रकम वापस मिलने की प्रक्रिया में तेजी आई है। अब तक 1.51 करोड़ लोग सहारा इंडिया रिफंड पोर्टल के जरिए अपना पैसा वापस पाने के लिए आवेदन कर चुके हैं। पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, 47 लाख से अधिक निवेशकों को अब तक 10,037.47 करोड़ रुपये लौटाए जा चुके हैं। वहीं, पिछले सात दिनों के दौरान ही जमाकर्ताओं के बैंक खातों में 221.45 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।

जमाकर्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि अब वे अपनी पात्र जमा राशि के पूरे दावे के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, रिफंड की मंजूरी और भुगतान निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। निवेशकों की सहायता के लिए सहारा इंडिया रिफंड पोर्टल पर तीन नए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। ये नंबर 011-44716198, 011-44716498 और 011-44716887 हैं।

आवेदन के बाद भी नहीं मिला पैसा तो दोबारा करें यह काम

जिन निवेशकों ने पहले ही रिफंड के लिए आवेदन कर दिया है, लेकिन उन्हें भुगतान असफल होने का संदेश मिला है, वे अपनी आवेदन संबंधी कमियों को दूर कर दोबारा दावा जमा कर सकते हैं। इसके लिए री-सबमिशन पोर्टल की सुविधा दी गई है।

आवेदकों को सबसे पहले भुगतान या आवेदन में बताई गई समस्या को समझना होगा। इसके बाद जरूरी सुधार करके https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home पर दोबारा आवेदन करना होगा।

रिफंड के लिए आवेदन करते समय इन सावधानियों का रखें ध्यान

निवेशकों को आवेदन में किसी भी तरह की कमी का संदेश मिलने पर री-सबमिशन पोर्टल पर बताई गई समस्या के अनुसार ही सुधार करना चाहिए। वहीं, भुगतान असफल होने का संदेश आने पर पोर्टल के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। साथ ही, रिफंड दिलाने का झांसा देने वाले किसी एजेंट या अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। रिफंड की प्रक्रिया के लिए किसी को अतिरिक्त रकम देने की जरूरत नहीं है।

अब तक आवेदन नहीं किया है तो ऐसे जमा करें दावा

सहारा में जमा रकम वापस पाने के लिए पात्र निवेशक सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://mocrefund.crcs.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध आवेदन फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके अपना दावा जमा किया जा सकता है।

आवेदन के लिए जमाकर्ता का मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होना चाहिए और उसके पास बैंक खाता होना जरूरी है। इसके अलावा, जमा की गई रकम और रिफंड के दावे के समर्थन में जरूरी दस्तावेज भी तैयार रखने होंगे।

आवेदन के 45 दिनों के भीतर मिलेगी फैसले की जानकारी

ऑनलाइन दावा जमा करने के बाद 30 दिनों के भीतर सहारा समूह की संबंधित सहकारी समितियां आवेदन की जांच करेंगी। इसके बाद आवेदन की तारीख से कुल 45 दिनों के अंदर जमाकर्ता को फैसले की जानकारी दे दी जाएगी। यह सूचना एसएमएस या रिफंड पोर्टल के माध्यम से भेजी जाएगी।

पोर्टल ने निवेशकों से कहा है कि वे चारों सहकारी समितियों से जुड़े अपने सभी दावे एक ही आवेदन फॉर्म में जमा करें। केवल आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन दाखिल किए गए दावों पर ही विचार किया जाएगा। खास बात यह है कि रिफंड के लिए दावा जमा करने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र