19 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स इंडिया बनीं केजिया लिज मेजो, जानिए पढ़ाई से लेकर करियर तक की पूरी कहानी
कोच्चि: मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो ने अपने नाम कर लिया है। 53 प्रतिभागियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केजिया ने यह उपलब्धि हासिल की। अब वह दुनिया की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टॉप-5 में इन सुंदरियों ने बनाई जगह
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की प्रतियोगिता में 53 सुंदरियों ने हिस्सा लिया था। अंतिम पांच प्रतिभागियों में वैष्णवी, तेजस्विनी श्रीवास्तव, लिज मैजो, अनुश्री सतवालेकर और अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं। अंतिम तीन में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश पहली रनर-अप रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवालेकर दूसरी रनर-अप बनीं। केरल की केजिया लिज मेजो ने विजेता का ताज अपने नाम किया।
कौन हैं केजिया लिज मेजो
केजिया लिज मेजो केरल की रहने वाली हैं और उन्होंने 19 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीता है। वह कानून की छात्रा होने के साथ मॉडल और शास्त्रीय नृत्यांगना भी हैं। वर्ष 2026 में ही उन्होंने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का खिताब जीता था। वह यह खिताब जीतने वाली केरल की सबसे कम उम्र की प्रतिभागियों में शामिल रहीं।
केजिया ने इससे पहले वर्ष 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल 2025 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और पहली रनर-अप का स्थान हासिल किया था। इससे पहले वह मिस टीन इंडिया का खिताब भी जीत चुकी हैं।
कहां रहती हैं और क्या पढ़ रही हैं
केजिया लिज मेजो के माता-पिता का नाम मेजो अब्राहम और सुजा मेजो है। फिलहाल वह कोच्चि में रहती हैं और बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही हैं। सौंदर्य प्रतियोगिताओं में कम उम्र से ही सक्रिय रहीं केजिया ने पहले मिस टीन इंडिया का खिताब जीता और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीन सौंदर्य प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं केजिया
केजिया लिज मेजो सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं। वह इंस्टाग्राम पर अपने फोटोशूट की तस्वीरें और वीडियो साझा करती हैं। खबर लिखे जाने तक उनके इंस्टाग्राम पर करीब 39 हजार अनुयायी हैं और वह खुद 394 लोगों को फॉलो करती हैं। केजिया मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर भी खुलकर अपनी बात रखती हैं।
