3 साल से फरार अतीक गैंग का शूटर बिहार की जेल में मिला, 5 लाख का इनामी अरमान गिरफ्तार; अब एनकाउंटर के डर से कांप रहा परिवार

2026_10image_10_09_209071824prayagrajnews-ll

प्रयागराज: उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अतीक अहमद गैंग का शूटर अरमान करीब तीन साल बाद पुलिस के शिकंजे में आ गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस जिस अरमान को लगातार तलाश रही थी और जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था, वह बिहार की गया सेंट्रल जेल में बंद मिला। अरमान मूल रूप से गया का रहने वाला है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद वह प्रयागराज से भागकर गया पहुंच गया था।

दुकानदार पर फायरिंग के मामले में किया था आत्मसमर्पण

उमेश पाल हत्याकांड के बाद अरमान के खिलाफ गया में भी एक दुकानदार पर फायरिंग का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद उसे गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले तीन साल से उसकी तलाश में जुटी रही।

अरमान के गया जेल में बंद होने की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस 30 सितंबर को गया सेंट्रल जेल पहुंची। पुलिस ने जेल में अरमान की ताजा तस्वीर खींची और सादे कागज पर उसके अंगूठे के निशान भी लिए। पहचान की प्रक्रिया और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस वापस लौट आई।

उत्तर प्रदेश लाने के लिए अदालत में दाखिल की अर्जी

पहचान पूरी तरह पुख्ता होने के बाद 1 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने गया की अदालत में अरमान की ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की। हालांकि, अभी इस अर्जी पर अदालत में सुनवाई नहीं हुई है। पुलिस अरमान को प्रयागराज लाकर उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई करना चाहती है।

उमेश पाल हत्याकांड में गुड्डू मुस्लिम के साथ था अरमान

24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें एक बाइक सवार नजर आया था। पुलिस के मुताबिक बाइक अरमान चला रहा था और पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था।

पुलिस के अनुसार अरमान ही गुड्डू मुस्लिम को बाइक पर बैठाकर घटनास्थल तक लेकर आया था। बाइक रुकते ही गुड्डू मुस्लिम ने उमेश पाल और उनके गनरों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस दौरान अरमान ने भी फायरिंग की थी। वारदात के बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए थे।

अरमान के माता-पिता को सता रहा एनकाउंटर का डर

अरमान को उत्तर प्रदेश लाए जाने की खबर के बाद उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है। उसके पिता शमीम और मां असगरी खातून को डर है कि यूपी लाने के बाद उनके बेटे का एनकाउंटर किया जा सकता है। परिवार ने इसी आशंका को लेकर चिंता जताई है।

प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि अरमान की ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया कराई गई है। पुलिस उसे अपनी कस्टडी में लेकर प्रयागराज लाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र