5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर आज आएंगे उपचुनाव के नतीजे, बंगाल से असम तक टिकी सबकी नजरें
नई दिल्ली: देश के चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में हुए उपचुनावों के नतीजे शुक्रवार, 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों के साथ असम की एक लोकसभा सीट पर भी मतगणना होगी। इन चुनावों के नतीजों से कई राजनीतिक दलों की ताकत और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर तस्वीर साफ होगी। इन सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान कराया गया था।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर मुकाबला
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर खास नजर है। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव जीतने और एक सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी। वहीं, रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। कबीर ने नौडा सीट से भी जीत हासिल की थी।
तमिलनाडु की दो सीटों पर भी होगी मतगणना
तमिलनाडु में चेंगलपट्टू जिले के मदुरंथकम और तिरुप्पुर जिले के धारापुरम (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए थे। राज्य के मंत्री के.ए. सेंगोट्टियन ने इन सीटों के नतीजों को लेकर जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि परिणाम राज्य सरकार के कामकाज के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाएंगे। उन्होंने तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) की बड़ी जीत की उम्मीद जताते हुए कहा कि जीत का अंतर लोगों को चौंका सकता है।
पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर भी फैसला
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के थट्टनचावडी विधानसभा क्षेत्र में भी उपचुनाव कराया गया था। शुक्रवार को होने वाली मतगणना के बाद यहां के विजेता का ऐलान किया जाएगा। इन परिणामों से क्षेत्र में राजनीतिक दलों की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।
असम की नागांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नागांव लोकसभा सीट के उपचुनाव का परिणाम भी आज घोषित होगा। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के बीच मुकाबला हुआ। नागांव सीट कांग्रेस ने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जीती थी। यह सीट प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने और 2026 के असम विधानसभा चुनाव में दिसपुर सीट से जीतने के बाद खाली हुई थी।
